राजनाथ सिंह की अमेरिका यात्रा से रणनीतिक साझेदारी को मिलेगी मजबूती

नई दिल्ली, 21 अगस्त (आईएएनएस)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अमेरिका की आधिकारिक यात्रा करेंगे। उनकी यह यात्रा भारत-अमेरिका रक्षा संबंध को लेकर काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

माना जा रहा है कि इस यात्रा से भारत व अमेरिका की वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और अधिक मजबूती मिलेगी।

इससे पहले मंगलवार को राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली में जापान के रक्षा मंत्री के साथ एक अहम मुलाकात की थी।

बुधवार को अमेरिका यात्रा के विषय में आधिकारिक जानकारी देते हुए रक्षा मंत्रालय ने बताया कि राजनाथ सिंह 23 से 26 अगस्त तक अमेरिका की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। राजनाथ सिंह की यह यात्रा अमेरिका के रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन के निमंत्रण पर हो रही है। 23 अगस्त को अमेरिका पहुंचने के बाद वे यहां अपने अमेरिकी समकक्ष व अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे।

राजनाथ सिंह यहां राष्ट्रीय सुरक्षा मामलों के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति के सहायक जेक सुलिवन से भी वार्ता करेंगे।

रक्षा मंत्रालय ने बताया कि राजनाथ सिंह अमेरिका में रक्षा उद्योगों पर भी चर्चा करेंगे। अमेरिका में मौजूदा और भविष्य के रक्षा सहयोग के बारे में रक्षा उद्योग के साथ एक उच्च स्तरीय गोलमेज बैठक आयोजित की जानी है। इस गोलमेज बैठक की अध्यक्षता भी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ही करेंगे।

अमेरिका की अपनी इस यात्रा के दौरान रक्षा मंत्री भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात और बातचीत करेंगे।

रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, राजनाथ सिंह की यह यात्रा भारत और अमेरिका के संबंधों, विभिन्न स्तरों पर रक्षा संबंधों में लगातार हो रही प्रगति की पृष्ठभूमि में हो रही है। भारत का मानना है की रक्षा मंत्री की यह अमेरिकी यात्रा काफी महत्वपूर्ण है। इस यात्रा से भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी मजबूत होगी। साथ ही भारत और अमेरिका की साझेदारी और अधिक व्यापक होने की उम्मीद है।

आम्रेश्वर धाम में छऊ नृत्य ने बांधा समां, राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित महिला मंडली ने दी प्रस्तुति

–आईएएनएस

जीसीबी/एसकेपी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *