जलाशयों, बांधों एवं कुओं पर सुरक्षा जालियां लगाकर चलाया जा रहा विशेष जन-जागरूकता अभियान

मीडिया हाउस सोनभद्र – जनपद में आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं जनसुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देशन में विशेष जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत जलाशयों, बांधों, कुओं तथा अन्य संवेदनशील जल स्रोतों के आसपास सुरक्षा जालियां लगाने के साथ-साथ नागरिकों को संभावित दुर्घटनाओं एवं आपदाओं से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत क्या करें, क्या न करें संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियों वाले पोस्टर एवं बैनर विद्यालयों, स्कूलों, ग्राम पंचायतों तथा सार्वजनिक स्थलों पर लगाए जा रहे हैं। इसके माध्यम से बच्चों, युवाओं एवं आम नागरिकों को जल स्रोतों के समीप बरती जाने वाली सावधानियों तथा आपदा की स्थिति में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की जानकारी दी जा रही है। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया है कि जन-जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करते हुए अधिकाधिक लोगों तक सुरक्षा संदेश पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता एवं जागरूकता के माध्यम से ही आपदाओं से होने वाली जनहानि को रोका जा सकता है। प्रशासन द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वे जल स्रोतों के आसपास विशेष सतर्कता बरतें तथा सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन कर स्वयं एवं अपने परिवार को सुरक्षित रखें।










