ओबरा में यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस की सख्ती, चालान के साथ दी गई चेतावनी

मीडिया हाउस ओबरा (सोनभद्र) – नगर के प्रमुख सुभाष चौराहा पर बुधवार को यातायात नियमों के पालन को लेकर पुलिस द्वारा सघन अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई ओबरा क्षेत्राधिकारी अमित कुमार के नेतृत्व में क्राइम इंस्पेक्टर शमशेर यादव, सब इंस्पेक्टर (ट्रैफिक) राजेश सिंह तथा ओबरा थाना पुलिस टीम द्वारा की गई। अभियान के दौरान पुलिस ने ड्रिंक एंड ड्राइविंग, ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेट वाहन संचालन सहित अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। कुल 100 वाहनों की जांच की गई, जिसमें 25 चालान किए गए। मौके पर पुलिस टीम ने वाहन चालकों को रोककर यातायात नियमों की जानकारी दी और भविष्य में उल्लंघन न करने की सख्त हिदायत भी दी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य केवल दंडात्मक कार्रवाई करना नहीं बल्कि आम नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस प्रकार के अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे। स्थानीय स्तर पर लगातार कार्रवाई के बावजूद कुछ लोग अब भी नियमों की अनदेखी करते पाए जा रहे हैं, जिस पर नियंत्रण के लिए प्रशासन द्वारा निगरानी और सख्ती बढ़ाई जा रही है।








