मिजोरम के नए राज्यपाल वीके सिंह का शपथ ग्रहण स्थगित

आइजोल, 7 जनवरी (आईएएनएस)। पूर्व केंद्रीय मंत्री और सेना प्रमुख (सेवानिवृत्त) जनरल विजय कुमार सिंह का मिजोरम के नए राज्यपाल के रूप में शपथ ग्रहण समारोह, जो 9 जनवरी को निर्धारित था, उसे स्थगित कर दिया गया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

राजभवन और मिजोरम सरकार के अधिकारियों ने आधिकारिक तौर पर नए राज्यपाल के शपथ ग्रहण समारोह को स्थगित करने के कारणों का खुलासा नहीं किया।

एक अधिकारी ने कहा कि जनरल वीके स‍िंंह ने मिजोरम में अपने आगमन और राज्‍यपाल के रूप में शपथ ग्रहण समारोह को स्थगित कर दिया है। सूत्रों के हवाले से एक अन्य अधिकारी ने कहा कि यह स्थगन उनके परिवार के किसी सदस्य के चिकित्सा उपचार के कारण हो सकता है।

इससे पहले, मिजोरम सरकार के अधिकारियों ने कहा था कि जनरल वीके सिंह 8 जनवरी को आइजोल पहुंचेंगे और शपथ ग्रहण समारोह अगले दिन आयोजित किया जाएगा। वीके सिंह अब 15 जनवरी को आइजोल पहुंचेंगे और शपथ ग्रहण समारोह अगले दिन आयोजित किया जाएगा।

मिजोरम में वर्तमान में कोई राज्यपाल नहीं है, क्योंकि मौजूदा राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति जो तीन साल और पांच महीने से अधिक समय तक इस पद पर रहे वह दाे जनवरी को राज्य छोड़कर चले गए और अगले दिन ओडिशा में राज्यपाल का कार्यभार संभाल लिया।

अधिकारियों ने कहा कि नए राज्यपाल पदभार संभालने के बाद अपने शपथ ग्रहण समारोह के बाद बजट सत्र बुलाने की संभावना है।

वीके सिंह ने 24वें सेनाध्यक्ष के रूप में कार्य किया और सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद राजनीति में प्रवेश किया और 2014 और 2019 के लोकसभा चुनावों में भाजपा के टिकट पर गाजियाबाद से सांसद चुने गए थे।

एनएमआरसी के सभी स्टेशन पर स्टार्टअप के लिए कमर्शियल स्पेस, 'फर्स्ट कम, फर्स्ट सर्व' पर आएगी योजना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पहले कार्यकाल के दौरान, उन्होंने विदेश राज्य मंत्री, पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय के लिए राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन राज्य मंत्री के रूप में कार्य किया। प्रधानमंत्री मोदी के दूसरे कार्यकाल में उन्होंने सड़क परिवहन और राजमार्ग तथा नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री का कार्यभार संभाला।

–आईएएनएस

पीएसके/सीबीटी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *