गणतंत्र दिवस पर पटना के गांधी मैदान में दिखेंगी 15 विभागों की झांकियां

पटना, 14 जनवरी (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में गणतंत्र दिवस की तैयारियां शुरू हो गई हैं। परेड के अभ्यास हो रहे हैं तो विभागों में झांकियों की भी तैयारी हो रही हैं।

पटना जिला प्रशासन ने इस बार की झांकियों के लिए अनूठे और प्रेरणादायक थीम तय किए हैं, जो विभिन्न सामाजिक, आर्थिक और सरकारी योजनाओं को उजागर करेंगे।

इस साल गणतंत्र दिवस के मौके पर 15 विभागों की झांकियां निकालने की तैयारी की जा रही है। सभी झांकियां प्रदेश के प्रगति के पथ पर बढ़ते कदम को प्रस्तुत करेंगी। प्रदेश के सर्वांगीण विकास की झलक झांकियों के माध्यम से दिखाई जाएगी।

पर्यटन विभाग द्वारा इस साल रामायण सर्किट की थीम आधारित झांकी प्रदर्शित की जाएगी। इस झांकी के माध्यम से एक तरफ अयोध्या यानी भगवान राम की जन्मस्थली को प्रदर्शित किया जाएगा तो दूसरी तरफ सीतामढ़ी में जानकी माता की जन्मस्थली का भी प्रदर्शन होगा।

झांकियों की अधिकतम ऊंचाई 15 फीट तय कर दी गई है। प्रदर्शित की जाने वाली झांकियों का पूर्वाभ्यास 24 जनवरी को किया जाएगा।

शराबबंदी वाले बिहार के मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग की ओर से “नशामुक्त बिहार, खुशहाल परिवार” विषय पर केंद्रित झांकी निकाली जाएगी जबकि नगर विकास एवं आवास विभाग पिंक टॉयलेट पर आधारित झांकी का प्रदर्शन करेगा।

इसके अलावा समाज कल्याण विभाग के महिला एवं बाल विकास निगम की झांकी में प्रदेश की महिला सशक्तिकरण नीति के बढ़ते कदम की झलक देखने को मिलेगी। बताया जा रहा है कि झांकियों के प्रदर्शन के लिए विभागवार नोडल पदाधिकारी नामित किए गए हैं। नोडल पदाधिकारियों को सरकार के निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया जा रहा है।

जम्मू-कश्मीर भाजपा के वरिष्ठ नेता देवेंदर सिंह राणा का निधन

उद्योग विभाग की झांकी इस बार रोजगार और निवेश पर आधारित दिखेगी। बताया गया कि बढ़ता निवेश, बढ़ता रोजगार विषय पर उद्योग विभाग की झांकी निकलेगी।

गणतंत्र दिवस को लेकर झांकियों की तैयारियों के तहत हर विभाग की झांकी को अलग-अलग तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा, जिसे जनता को आसानी से समझाया जा सके।

–आईएएनएस

एमएनपी/एकेजे

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *