गांव जितने समृद्ध होंगे विकसित भारत का संकल्प उतना साकार होगा : पीएम मोदी

नई दिल्ली, 4 जनवरी (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में ग्रामीण भारत महोत्सव 2025 का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर मोदी उपस्थित जनसमूह को संबोधित भी करेंगे। पीएम मोदी ने इस महोत्सव को अर्थव्यवस्था के लिए उपयोगी बताया है।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पोस्ट में लिखा, “हमारे गांव जितने समृद्ध होंगे, विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में उनकी भूमिका उतनी बढ़ेगी। इसी कड़ी में आज सुबह करीब 11 बजे दिल्ली में ग्रामीण भारत महोत्सव के शुभारंभ का सौभाग्य मिलेगा। यह आयोजन ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए बहुत उपयोगी होने वाला है।”

ग्रामीण भारत की उद्यमशीलता की भावना और सांस्कृतिक विरासत का जश्न मनाते हुए, महोत्सव 4 से 9 जनवरी तक आयोजित किया जाएगा। इसका विषय ‘विकसित भारत 2047 के लिए एक समावेशी ग्रामीण भारत का निर्माण’ और आदर्श वाक्य “गांव बढ़े, तो देश बढ़े” है।

महोत्सव का उद्देश्य विभिन्न चर्चाओं, कार्यशालाओं और दक्षता के माध्यम से ग्रामीण बुनियादी ढांचे को बढ़ाना, आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था बनाना और ग्रामीण समुदायों में नवाचार को बढ़ावा देना है। इसके उद्देश्यों में वित्तीय समावेशन पर ध्यान देने और टिकाऊ कृषि विधियों को अपनाकर उत्तर-पूर्व भारत पर विशेष ध्यान केन्द्रित करने के साथ ग्रामीण आबादी के बीच आर्थिक स्थिरता और वित्तीय सुरक्षा को बढ़ावा देना शामिल है।

महोत्सव का एक महत्वपूर्ण केंद्र बिन्दु उद्यमिता के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को सशक्त बनाना; सहयोगात्मक और सामूहिक ग्रामीण परिवर्तन के लिए योजना बनाने के लिए सरकारी अधिकारियों, विचारकों, ग्रामीण उद्यमियों, कारीगरों और विविध क्षेत्रों के हितधारकों को एक साथ लाने; ग्रामीण आजीविका को बढ़ाने के लिए प्रौद्योगिकी और नवीन विधियों का लाभ उठाने के बारे में चर्चा को प्रोत्साहित करना; और जीवंत प्रदर्शनों तथा प्रदर्शनियों के माध्यम से भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करना होगा।

सभी चाहते हैं एकनाथ शिंदे ही फिर बनें सीएम : कृष्णा हेगड़े

पीएम मोदी ने 3 जनवरी को दिल्लीवासियों को 4500 करोड़ रुपये की कई परियोजना की सौगात दी थी। पीएम मोदी ने इस दौरान झुग्गियों में रहने वाले लोगों को नए फ्लैट भी सौंपे थे।

–आईएएनएस

डीकेएम/केआर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *