पंजाब में शिक्षा का नया दौर, स्कूलों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सीखेंगे विद्यार्थी

अमृतसर
 पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (पीएसईबी) ने विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से आठवीं से बारहवीं कक्षा तक कंप्यूटर साइंस विषय के पाठ्यक्रम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को शामिल करने का फैसला किया है। बोर्ड की ओर से जारी दो अलग-अलग सर्कुलरों के अनुसार शैक्षणिक सत्र 2026-27 से सरकारी तथा बोर्ड से संबद्ध एवं एसोसिएटेड स्कूलों में नई व्यवस्था लागू की जाएगी।

इसके तहत सरकारी स्कूलों में कंप्यूटर साइंस एंड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (सीएसएआई) बेसिक तथा संबद्ध एवं एसोसिएटेड स्कूलों में इच्छुक संस्थानों के लिए सीएसएआई एडवांस पाठ्यक्रम शुरू किया जाएगा। बोर्ड के अनुसार तेजी से बदलते तकनीकी परिवेश और शिक्षा सहित दैनिक जीवन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते महत्व को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

 27 अक्टूबर से पहले करना होगा लाॅगइन
इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को स्कूली स्तर से ही नई तकनीकों की जानकारी प्रदान करना और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है। बोर्ड की ओर से सरकारी स्कूलों के लिए जारी सर्कुलर नंबर 1148 के अनुसार पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने 22 जुलाई 2026 को सरबत एआई पहल की शुरुआत की थी। इसी पहल के अंतर्गत सरकारी स्कूलों में आठवीं से बारहवीं कक्षा तक एआई आधारित शिक्षा शुरू की जा रही है।

इसके लिए सरकारी स्कूलों के कंप्यूटर अध्यापकों को 27 अक्टूबर 2026 से पहले https://pseblearn.neeev.ai वेबसाइट पर लॉगइन करने के निर्देश दिए गए हैं। अध्यापकों को तीन सत्रों में कुल पांच घंटे का ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद अध्यापक विद्यार्थियों को 40-40 मिनट के 15 पीरियड में एआई से संबंधित विषयों की जानकारी देंगे। इसके लिए आवश्यक अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध करवाई जाएगी।

महिलाओं के लिए खतरनाक बन चुका है पश्चिम बंगाल : सुधांशु त्रिवेदी

एआई से संबंधित होंगे 15 प्रतिशत अंक
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 के दौरान सरकारी स्कूलों में कंप्यूटर साइंस एंड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विषय की थ्योरी तथा प्रैक्टिकल परीक्षाओं में अलग-अलग 15 प्रतिशत अंक एआई से संबंधित होंगे। फरवरी-मार्च 2027 में होने वाली वार्षिक परीक्षाओं में भी इसी व्यवस्था के अनुसार प्रश्न पूछे जाएंगे। नए पाठ्यक्रम के तहत आठवीं कक्षा का विषय कोड 826, नौवीं और दसवीं का 104 तथा ग्यारहवीं और बारहवीं का 242 निर्धारित किया गया है।

स्कूलों के लिए एडवांस्ड पाठ्यक्रम
बोर्ड की ओर से जारी दूसरे सर्कुलर नंबर 1147 के अनुसार संबद्ध और एसोसिएटेड स्कूलों में सीएसएआई एडवांस पाठ्यक्रम शुरू करने का विकल्प दिया गया है। इच्छुक स्कूलों को 23 अक्टूबर 2026 तक बोर्ड की वेबसाइट के माध्यम से रजिस्ट्रेशन करवाने के निर्देश दिए गए हैं। बोर्ड ने कहा कि जिन स्कूलों में एक ही कक्षा के कई सेक्शन हैं, वे अपनी आवश्यकता के अनुसार किसी एक या सभी सेक्शनों में नया विषय लागू कर सकते हैं।

जो स्कूल या सेक्शन नया पाठ्यक्रम नहीं अपनाएंगे, उनमें पहले की तरह कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई जारी रहेगी। एडवांस पाठ्यक्रम के लिए आठवीं कक्षा का नया विषय कोड 827, नौवीं और दसवीं का 105 तथा ग्यारहवीं और बारहवीं का 243 निर्धारित किया गया है। इसके अंतर्गत 2 नवंबर 2026 से वर्चुअल लाइव क्लासरूम के माध्यम से ऑनलाइन कक्षाएं शुरू की जाएंगी। इन कक्षाओं में एआई विशेषज्ञ कंप्यूटर अध्यापकों को भी सहयोग प्रदान करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *