10 दिन के बाद रांची पहुंचे चंपई सोरेन ने कहा, ‘झारखंड के हित में लिया भाजपा में शामिल होने का फैसला’

रांची, 28 अगस्त (आईएएनएस)। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने बुधवार को कहा कि उन्होंने बहुत सोच-समझकर भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने का फैसला किया है। यह झारखंड के हित में लिया गया बिल्कुल सही फैसला है।

दिल्ली से रांची लौटने के बाद सोरेन ने यहां पत्रकारों के एक सवाल के जवाब में यह बात कही। सोरेन 10 दिन के बाद रांची आए हैं। यहां बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर सैकड़ों समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। ज्यादातर लोग उनके निर्वाचन क्षेत्र से आए थे, जिनका कहना था कि चंपई सोरेन जो भी निर्णय लेंगे, वे उनके साथ हैं।

खबर है कि कि चंपई सोरेन आज ही मंत्री पद और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) से इस्तीफा दे देंगे। उन्होंने 26 अगस्त की रात असम के मुख्यमंत्री और झारखंड भाजपा के चुनाव सह प्रभारी हिमंता बिस्वा सरमा के साथ नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। इसमें उनके भाजपा में शामिल होने पर सहमति बनी थी। इसके बाद 27 अगस्त को उनकी केंद्रीय कृषि मंत्री और झारखंड भाजपा के प्रभारी शिवराज सिंह चौहान से भी मुलाकात हुई। इसके पहले चंपई सोरेन ने 18 अगस्त को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखकर कहा था कि झामुमो में उनका अपमान हुआ। जिस तरह से उनसे मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा लिया गया, उससे वह आहत हैं।

चंपई सोरेन 30 अगस्त को रांची में आयोजित होने वाले एक वृहत कार्यक्रम में भाजपा में औपचारिक तौर पर शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में उनके पुत्र बाबूलाल सोरेन भी पार्टी की सदस्यता लेंगे। चर्चा है कि झामुमो के कुछ अन्य बड़े चेहरे भी भाजपा का दामन थाम सकते हैं। कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भी आने की संभावना जताई जा रही है।

हमारा लक्ष्य खिताब जीतना और प्रशंसकों के साथ खुली बस परेड में जश्न मनाना है : पीबीकेएस के अर्शदीप

इधर, झारखंड प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने चंपई सोरेन को संघर्षशील और जमीनी मुद्दों पर लड़ने वाला योद्धा बताते हुए उनके भाजपा में शामिल होने के फैसले का स्वागत किया है। बुधवार को उन्होंने कहा कि ऐसे नेताओं के आने से भाजपा को मजबूती मिलेगी। उन्होंने चंपई सोरेन को पार्टी में शामिल कराने के फैसले से किसी तरह की नाराजगी को सिरे से खारिज किया।

–आईएएनएस

एसएनसी/एकेजे

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *