कसमार में कल्पना मुर्मू सोरेन ने योगेंद्र महतो के पक्ष में विशाल जनसभा को किया संबोधित 

मीडिया हाउस न्यूज एजेंन्सी गोमिया : गोमिया विस क्षेत्र अंतर्गत कसमार प्रखंड के सपाहीटांड़ में झामुमो की स्टार प्रचारक सीएम हेमंत सोरेन की पत्नी विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने झामुमो प्रत्याशी योगेंद्र प्रसाद महतो के पक्ष में विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस चुनावी जनसभा  को संबोधित करते हुए कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा कि गोमिया से मेरे बड़े भैया योगेंद्र प्रसाद महतो को अपनी पूरी ताकत के साथ जीताकर विधानसभा भेजें और हेमंत सोरेन को मुख्यमंत्री बनाएं। गरीब, असहाय, वंचित व हर वर्ग के उत्थान और विकास के लिए जनकल्याणकारी योजनाओं को तीव्र गति प्रदान करें। उन्होंने कहा कि भाजपा और आजसू ने 17 वर्षों तक शासन किया। सवाल बहुत बड़ा है कि आखिर क्यों नहीं इनलोगों ने 1932 खतियान आधारित स्थानीयता नीति बनाई। पिछड़ा वर्ग का आरक्षण किसने कम किया। किसानों का लोन, बकाया बिजली का बिल क्यों नहीं माफ किया। भाजपा के लोग पूंजीपतियों का लोन माफ कर सकते हैं, सहूलियत दे सकते हैं। ये लोग गरीबों, किसानों, मजदूरों को उनके हाल पर छोड़ देने वाले लोग हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जब दृढ़संकल्प के साथ गरीबों, वंचितों, आदिवासियों, दलितों, अल्पसंख्यको, पिछड़ा और अगड़ा वर्ग के लिए ऐतिहासिक काम कर रहे हैं तो भाजपा आजसू के लोग साजिश करते हैं। हेमंत जी को जेल में डाल दिया। लेकिन जब हेमंत जी बाहर आए तो उन्होंने सबसे पहले आधी आबादी को मईया सम्मान योजना दी और इसके चार किस्त भुगतान हो चुके हैं। दिसंबर से राज्य की झामुमो सरकार 2500 रुपए देने जा रही है। उन्होंने कहा कि कोरोनाकाल में दो साल चले गए और पांच महीने विपक्षियों ने साजिश के तहत हेमंत जी को जेल में बंद कर दिया। शेष ढाई साल में हेमंत जी ने ऐतिहासिक काम कर जनता को सहूलियतें देने का काम किया है। जो विपक्षियों ने अपने 17 साल के शासन में नहीं किया था। अपने संबोधन में कल्पना मुर्मू सोरेन ने इंडिया गठबंधन समर्थित झामुमो प्रत्याशी योगेंद्र प्रसाद महतो को भारी मतों से जीताने का अपील किया। सभा को संबोधित करते हुए झामुमो प्रत्याशी योगेंद्र प्रसाद महतो ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने महिलाओं को मइया सम्मान योजना के माध्यम से हक, अधिकार और सम्मान दिया है। विपक्षी प्रत्याशी लंबोदर महतो पर भी खूब हमला बोला और कहा कि झूठ, फरेब और साजिशों की राजनीति करने वाले आजसू के लोगों को वोट का करारा चोट दें। उन्होंने जनसभा से अपील किया कि आगामी 20 नवंबर को अपना वोट सिर्फ तीर धनुष छाप पर देकर गोमिया और राज्य के विकास के मार्ग को प्रशस्त करें। इस चुनावी सभा को गोमिया के पूर्व विधायक बबीता देवी समेत झामुमो के अन्य वरीय नेताओं ने भी संबोधित किया।

सरकार की योजनाओं का लाभ लेने के लिए देनी पड़ती है रकम तब मिलता है लाभ : ग्रामीण

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *