चीन का 41वां अंटार्कटिक अभियान : 'श्वेलोंग 2' ने महासागर सर्वेक्षण मिशन किया पूरा

बीजिंग, 2 मार्च (आईएएनएस)। चीन के 41वें अंटार्कटिक अभियान के तहत पेइचिंग समयानुसार 1 मार्च को ‘श्वेलोंग 2’ महासागर सर्वेक्षण टीम ने अपना मिशन सफलतापूर्वक पूरा कर लिया। अंतिम क्रिल ट्रॉलिंग ऑपरेशन के पूरा होते ही इस अभियान का महासागर अनुसंधान कार्य समाप्त हो गया।

इस टीम के कप्तान लुओ क्वांगफ़ू ने बताया कि यह अभियान मुख्य रूप से अमुंडसेन सागर में केंद्रित था, जहां पोलिन्या, समुद्री पर्वत और खुले महासागर क्षेत्रों में गहन अध्ययन किया गया। इस दौरान वैज्ञानिकों ने चार किलोमीटर गहराई तक समुद्री जल, जैविक तत्वों और तलछट के नमूने एकत्र किए।

साथ ही, चीन के पहले ध्रुवीय गहरे पानी के पारिस्थितिक प्लाव को भी सफलतापूर्वक पुनः प्राप्त किया गया। इसके अलावा, अमुंडसेन सीमाउंट क्षेत्र में समुद्र की तलछट का आठ मीटर से अधिक गहरा कोर नमूना लिया गया और बड़ी संख्या में अंटार्कटिक क्रिल, मछलियां, गहरे समुद्री सैल्मन, समुद्री खीरे आदि जैविक नमूने एकत्र किए गए।

लुओ के अनुसार, इस अभियान में 30 से अधिक स्टेशनों पर समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र का सर्वेक्षण पूरा किया गया। इन नमूनों को अब चीन ले जाया जाएगा, जहां वैज्ञानिक विश्लेषण करेंगे कि वैश्विक जलवायु परिवर्तन अंटार्कटिक पारिस्थितिकी तंत्र को कैसे प्रभावित कर रहा है। यह अध्ययन ध्रुवीय क्षेत्रों की बेहतर समझ, संरक्षण और उपयोग के लिए महत्वपूर्ण डेटा उपलब्ध कराएगा।

बता दें कि यह अभियान चीन के प्राकृतिक संसाधन मंत्रालय द्वारा आयोजित किया गया था और इसे ‘श्वेलोंग’ और ‘श्वेलोंग 2’ जहाजों के साथ विभिन्न अनुसंधान स्टेशनों की मदद से पूरा किया गया।

(साभार—चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

नीतीश की ‘प्रगति यात्रा’ पर संजय झा बाेले, ‘एनडीए में सब कुछ ठीक’

–आईएएनएस

एकेजे/

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *