राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय में आयोजित इस मीडिया कार्यशाला में 100 से अधिक मीडियाकर्मियों ने भाग लिया।

Media House लखनऊ-केन्द्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), लखनऊ द्वारा “विकसित भारत का अमृत काल: सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 11 साल” विषय पर आयोजित किए जा रहे पाँच दिवसीय कार्यक्रम के पूर्व-प्रचार अभियान के दूसरे दिन आज पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), लखनऊ के सहयोग से एक वार्तालाप कार्यक्रम का आयोजन किया गया। डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय में आयोजित इस मीडिया कार्यशाला में 100 से अधिक मीडियाकर्मियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रतिभा शुक्ला जी, राज्य मंत्री, महिला विकास, बाल कल्याण एवं पुष्टाहार, उत्तर प्रदेश सरकार; विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर संजय सिंह जी, कुलपति, डॉ. शकुंतला मिश्रा पुनर्वास विश्वविद्यालय; डॉ मुकुल श्रीवास्तव, विभागाध्यक्ष, पत्रकारिता, लखनऊ विश्वविद्यालय; डॉ उत्कर्ष सिन्हा, वरिष्ठ पत्रकार तथा अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में एसजीपीजीआई, लखनऊ के एंडोक्राइन एवं ब्रेस्ट सर्जरी विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर एवं प्रमुख, डॉ गौरव अग्रवाल भी अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
पत्र सूचना कार्यालय लखनऊ द्वारा आयोजित वार्तालाप कार्यक्रम में अपने पांच दिवसीय कार्यक्रम के बारे में मीडिया को सूचना देते हुए केन्द्रीय संचार ब्यूरो, लखनऊ के निदेशक, मनोज कुमार वर्मा ने कहा कि जनसामान्य तक पहुँचने का सबसे उचित और प्रभावी तरीका, लोकतंत्र का चौथा स्तंभ कही जाने वाली मीडिया है। उन्होंने आगामी 14 से 18 अक्टूबर तक चलने वाले मुख्य कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी और मीडिया से इसमें सक्रिय सहयोग का आग्रह किया।
इसके अतिरिक्त पूर्व प्रचार के प्रथम दिन हरी झंडी दिखाकर रवाना किए गए चेतन रथों, बैनर, पोस्टर, पैम्फलेट, स्टीकर, होल्डिंग्स इत्यादि के माध्यम से भी आज पूर्व प्रचार के दूसरे दिन पांच दिवसीय कार्यक्रम का सफलतापूर्वक प्रचार प्रसार संपूर्ण लखनऊ जनपद में किया गया। इस अवसर पर केन्द्रीय संचार ब्यूरो के क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी जय सिंह, लक्ष्मण शर्मा, श्री अमन त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारीगण, कर्मचारी व गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम का कुशल संचालन राजेंद्र विश्वकर्मा “हरिहर” द्वारा किया गया।











