पंचायत-निकाय और विधानसभा मतदाता सूची के मिलान से चिन्हित होंगे मतदाता सूची में शामिल होने हेतु पात्र नागरिक

Media House लखनऊ-उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम विशेषकर युवाओं एवं महिलाओं को सम्मिलित करने के लिए विभिन्न विभागों के सहयोग से हर सम्भव प्रयास किये जायेंगे। इस संबंध में समस्त जिला निर्वाचन अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किये गए हैं।

उन्होंने बताया कि अर्हता तिथि 01 जनवरी, 2027 के आधार पर मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के दौरान प्रदेश के सभी पात्र नागरिकों का मतदाता सूची में पंजीकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए विधानसभा की मतदाता सूची का मिलान पंचायत एवं नगरीय निकाय की मतदाता सूची से करने, शैक्षणिक संस्थानों के माध्यम से पात्र युवाओं विशेषकर 18-19 आयु वर्ग के युवाओं और आशा, एएनएम, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं समूह सखियों के सहयोग से पात्र महिलाओं के नामों को मतदाता सूची में शामिल कराया जायेगा।

सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची में प्रत्येक अर्ह नागरिक का नाम शामिल किये जाने के उद्देश्य से विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों का गहनतापूर्वक मिलान पंचायत एवं नगरीय निकाय मतदाता सूची से करते हुए ऐसे समस्त नागरिकों को चिन्हांकित किया जायेगा, जो विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने की पात्रता रखते हैं। ऐसे चिन्हांकित पात्र नागरिक जो भारत की किसी भी विधानसभा की मतदाता सूची में सम्मिलित नहीं हैं, उनके नाम सम्मिलित किये जाने हेतु समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) को फॉर्म-6 भरवाने के निर्देश दिए गए हैं।

9 जिलों मे क्लस्टर में भी पात्रो को निर्मित कराये गये पक्के आवास

उन्होंने बताया कि खाद्य एवं रसद विभाग द्वारा संचालित सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों के माध्यम से छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने में सहयोग लिये जाने हेतु जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं। इसके अन्तर्गत जनपदों में संचालित सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों में पंजीकृत राशन कार्डों में अंकित 18 वर्ष एवं अधिक आयु वर्ग के पात्र नागरिकों का चिन्हांकन कराया जायेगा, जिनके नाम वर्तमान मतदाता सूची में शामिल नहीं है। इन सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित किये जाने हेतु फॉर्म-6 भरवाया जायेगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि युवाओं में मताधिकार के महत्व, नैतिक मतदान और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में जिम्मेदार सहभागिता की भावना विकसित करने के साथ ही पात्र छात्र-छात्राओं को मतदाता के रूप में पंजीकरण के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से शैक्षणिक संस्थानों में गठित मतदाता साक्षरता क्लब (Electoral Literacy Club) को सक्रिय किये जाने के निर्देश दिये गये हैं। इसके तहत कक्षा-9 एवं उससे ऊपर की कक्षाओं में अध्ययनरत विद्यार्थियों, विशेष रूप से 18-19 आयु वर्ग के ऐसे पात्र छात्र-छात्राओं का चिन्हांकन करते हुए उनका नाम मतदाता सूची में सम्मिलित किये जाने हेतु फॉर्म-6 भरवाया जायेगा।

इस कार्य के लिए संबंधित विधानसभा क्षेत्र के सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO) शैक्षणिक संस्थानों में गठित मतदाता साक्षरता क्लबों (ELC) के नामित ईएलसी को-ऑर्डिनेटर के साथ समन्वय करते हुए मिशन मोड में कार्य करते हुए अधिक से अधिक पात्र छात्र-छात्राओं का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने का कार्य करेंगे। युवा मतदाताओं के पंजीकरण में सहयोग हेतु युवाओं के लिए कार्य करने वाले विभिन्न सरकारी संस्थाओं जैसे एन०एस०एस०, एन०सी०सी०, नेहरू युवा केन्द्र, युवक मंगल दल तथा भारत स्काऊट एण्ड गाइड आदि का भी सहयोग लिये जाने के लिए निर्देश दिये गये हैं।

उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल एवं विचार मंथन कार्यशाला का आयोजन

उन्होंने बताया कि वर्तमान मतदाता सूची में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुष मतदाताओं के सापेक्ष असामान्य रूप से कम है। समस्त जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि पात्र महिलाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए विभिन्न शासकीय विभागों यथा महिला कल्याण एवं बाल विकास पुष्टाहार विभाग, स्वास्थ्य विभाग, उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अतंर्गत कार्यरत आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों, आशा, ए०एन०एम० एवं समूह सखियों का सहयोग प्राप्त किया जायेगा।

उन्होंने बताया कि आशा, एएनएम तथा आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा अपने कार्यक्षेत्र में घर-घर भ्रमण किया जाता है। इनकी सहायता से ऐसी प्रत्येक पात्र महिलाओं को चिन्हित कर फॉर्म-6 भरवाया जाएगा जिनका नाम वर्तमान मतदाता सूची में शामिल नहीं है। इसी प्रकार प्रत्येक ग्राम में महिला स्वंय सहायता समूह गठित हैं, जिनमें कार्यरत समूह सखियों के सहयोग से ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक पात्र महिला का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने का प्रयास किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *