ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ पर शहीद डॉ. राज कुमार थापा को भावभीनी श्रद्धांजलि

अनिल भारद्वाज,मीडिया हाउस जम्मू/राजौरी-ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ के अवसर पर शहीद अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त (एडीडीसी) डॉ. राज कुमार थापा को उनकी पहली पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर राजौरी स्थित उनके सरकारी आवास, जिसे अब स्मारक संग्रहालय एवं पुस्तकालय में परिवर्तित किया गया है, में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।
गौरतलब है कि 10 मई 2025 को ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान की ओर से हुई सीमा पार गोलाबारी के दौरान तड़के उनके आवास पर तोप का गोला गिरने से डॉ. राज कुमार थापा शहीद हो गए थे। डॉ. थापा अपने कर्तव्यनिष्ठ स्वभाव, जनहित के प्रति समर्पण और मिलनसार व्यक्तित्व के लिए व्यापक रूप से सम्मानित थे। उन्होंने लोगों और देश की सेवा में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।
शहीद डॉ. राज कुमार थापा की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में व्यापार मंडल राजौरी, सिविल सोसायटी तथा जिला प्रशासन के सदस्यों ने भाग लेकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. थापा द्वारा राजौरी के लोगों के लिए किए गए कार्य हमेशा याद रखे जाएंगे और उनका बलिदान पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और प्रेरणा का प्रतीक है। राजौरी के लोगों ने उनके निस्वार्थ सेवा भाव और देश के प्रति समर्पण को याद करते हुए कहा कि शहीद डॉ. राज कुमार थापा की विरासत सदैव अमर रहेगी। वहीं सेना अधिकारी , जवानों ने द्वारा उनके शहीदी स्मारक फूलमालाएं चढ़ाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी, एडवांस लैंडिंग ग्राउंड (एएलजी) आयोजित शहीदी कार्यक्रम में मेजर जनरल कौशिक मुखर्जी जनरल आफिसर कमांडिग 25 इन्फेंट्री डिविजन के साथ अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। वहीं सेना ने बच्चों साथ मशाल रैली निकाल शहीद डा. राजकुमार थापा को याद किया।










