गोमिया में कोनार नदी में नवनिर्मित इंटेकवेल का उद्घाटन मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने किया

मीडिया हाउस न्यूज एजेंसी बोकारो/गोमिया : गोमिया एवं पलिहारी गुरूडीह पंचायत सहित आसपास के क्षेत्रो में सुचारू रूप से पेयजलापूर्ति के लिए कोनार नदी में नवनिर्मित इंटेकवेल, गैंगवे, राइजिंग पाइप एवं मोटर पंप का उद्घाटन राज्य के पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मध् निषेध विभाग मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने नारियल फोड़कर किया। गोमिया पंचायत के डाक बंगला स्थित पानी टंकी के समीप उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि मंत्री योगेंद्र प्रसाद का स्वागत ग्रामीणों व जन प्रतिनिधियों ने गाजे बाजे के साथ भव्य रूप से किया। यहां काफी संख्या में उक्त दोनों पंचायत के महिला, पुरुष ग्रामीण सहित झामुमो कार्यकर्ता मौजूद थे। कार्यक्रम में खासतौर से अपर समाहर्ता अरविंद मुर्मू,बोकारो जिला परिषद अध्यक्ष सुनीता देवी, जिला परिषद सदस्य डा सुरेंद्र राज, प्रमुख प्रमिला चौड़े, बीडीओ महादेव कुमार महतो, सीओ आफताब आलम, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ जितेंद्र कुमार सहित विभाग के कार्यपालक अभियंता, एसडीओ सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे। इस अवसर पर मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि कोनार नदी में नए इंटेकवेल के निर्माण होने से गोमिया, पलिहारी गुरुडीह एवं आसपास के क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति पर्याप्त मात्रा में होगा और लोगों को जरूरत के मुताबिक स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा। क्षेत्र के लोग पानी की किल्लत से जूझ रहे थे, लेकिन अब उन्हें पानी के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा करोड़ों रुपए का योजना बनाया जाता है और सिर्फ पानी मद में सरकार 4500 करोड़ रुपए बिलजी बिल का भुगतान करती है। इसमें पानी के लाभुकों को भी महीने के जलकर के रूप में 65 रुपए समय पर चुकता कर देना चाहिए। जिससे संबंधित क्षेत्र में पानी की आपूर्ति निर्बाध रूप से चल सके। कहा कि गोमिया क्षेत्र में लोग जितने पानी की समस्या से जूझ रहे थे, अब मैं विश्वास दिलाता हूं कि अब लोगों को पानी की समस्या जूझना नहीं पड़ेगा और लोगों को निर्बाध रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा। इसी प्रकार क्षेत्र में अन्य विकास योजनाओं को जल्द ही धरातल पर उतारा जाएगा। कहा कि गोमिया विधानसभा क्षेत्र में मेरे विधायक के कार्यकाल में कई ऐतिहासिक कार्य किए गए हैं और आगे भी कार्य किए जाएंगे। कहा कि राज्य की सभी योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे इसके लिए राज्य सरकार कार्य कर रही है। मौके पर झामुमो के जिला उप सचिव सह विधायक प्रतिनिधि अमित पासवान, मुखिया बलराम रजक,शांति देवी,अंशु कुमारी, बंटी उरांव, पूर्व मुखिया धनंजय सिंह, आशीष कुमार,पंसस जनक देव यादव, पंसस सुशीला देवी, पूर्व उपमुखिया चंदन पासवान,पूर्व पंसस ललन केवट, घनश्याम महतो, मो.असलम, हेमू यादव, मनोज यादव, विक्रम डे, गणेश यादव, शंभू यादव, लेखराज चौहान, बद्री पासवान, मदन यादव, अजय पांडेय समेत कई जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित थे।










