खनन न्यूज-10 पट्टों की जांच, 8 करोड़ से अधिक का जुर्माना, करोड़ों रुपये की राजस्व क्षति, पट्टाधारकों को नोटिस,

मीडिया हाउस न्यूज एजेन्सी बांदा- जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित टास्क फोर्स ने मई 2026 में जनपद में संचालित खनन पट्टों पर व्यापक जांच अभियान चलाते हुए अवैध खनन, ओवरलोडिंग और परिवहन नियमों के उल्लंघन पर बड़ी कार्रवाई की है। कार्रवाई के दौरान कई खनन पट्टों में भारी अनियमितताएं सामने आईं, जिसके चलते करोड़ों रुपये की राजस्व क्षति चिन्हित कर संबंधित पट्टाधारकों को नोटिस जारी किए गए।
टास्क फोर्स द्वारा तहसील बबेरू के ग्राम चरकाखादर खण्ड संख्या-10 में 7 मई और 13 मई को किए गए निरीक्षण में कुल 13,687 घन मीटर बालू/मोरम का अवैध खनन एवं परिवहन पकड़ा गया। दोनों मामलों में लगभग 1.56 करोड़ रुपये की राजस्व क्षति आंकी गई। इसी प्रकार तहसील बांदा के ग्राम मरौलीखादर खण्ड संख्या-06 में 20 और 21 मई को हुई जांच में 39,207.50 घन मीटर अवैध खनन पाए जाने पर 4.46 करोड़ रुपये से अधिक की राजस्व क्षति दर्ज की गई।
खनन न्यूज-खनन क्षेत्रों में लोडिंग मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए-माला श्रीवास्तव
तहसील पैलानी के ग्राम साड़ीखादर में भी 9,033 घन मीटर अवैध खनन एवं परिवहन पकड़ा गया, जिसमें 1.03 करोड़ रुपये की राजस्व क्षति पाई गई। वहीं खपटिहाकलां, मर्काखादर और दादौंखादर सहित अन्य खनन पट्टों में भी अवैध खनन, पर्यावरण स्वीकृति की शर्तों के उल्लंघन तथा अन्य अनियमितताएं मिलने पर लाखों रुपये के अर्थदण्ड प्रस्तावित किए गए।
टास्क फोर्स ने खनन क्षेत्रों में ओवरलोड और बिना परिवहन प्रपत्र संचालित वाहनों के खिलाफ भी अभियान चलाया। मरौलीखादर, गाजीपुर और मर्काखादर क्षेत्रों में कुल 41 वाहन ओवरलोड अथवा बिना वैध दस्तावेजों के पकड़े गए, जिन्हें संबंधित थानों की अभिरक्षा में दिया गया। संबंधित वाहन स्वामियों, चालकों और पट्टाधारकों के विरुद्ध उ०प्र० उपखनिज (परिहार) नियमावली-2021 के तहत कार्रवाई की गई।
जनपद में मई 2026 के दौरान कुल 10 खनन पट्टों की जांच की गई, जिनमें कुल 8 करोड़ 4 लाख 57 हजार 810 रुपये का अर्थदण्ड आरोपित किया गया। इसके अतिरिक्त 27 मई 2026 तक कुल 132 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 32 लाख 38 हजार 780 रुपये की धनराशि वसूल की गई, जबकि 12 वाहनों के विरुद्ध मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में परिवाद दाखिल किया गया।











