झारखंड मंत्रालय में सीएम हेमंत सोरेन व कैबिनेट मंत्री योगेंद्र प्रसाद की समीक्षात्मक बैठक संपन्न

मीडिया हाउस न्यूज एजेंसी गोमिया : झारखंड के पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग मंत्री योगेंद्र प्रसाद राजधानी रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन में राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में शामिल हुए। इस दौरान पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अंतर्गत संचालित जल जीवन मिशन एवं स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) सहित विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने निर्देश दिया कि राज्य के प्रत्येक ग्रामीण परिवार को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के लक्ष्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ प्राप्त किया जाए। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित सभी योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए तथा योजनाओं का लाभ समय पर आम जनता तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।समीक्षा के दौरान पेयजल स्रोतों के संरक्षण एवं स्रोत स्थायित्व पर विशेष बल दिया गया। वर्षा जल संचयन, भू-जल पुनर्भरण तथा जल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्द्धन से संबंधित गतिविधियों को प्राथमिकता के आधार पर क्रियान्वित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जल गुणवत्ता की नियमित निगरानी एवं परीक्षण सुनिश्चित करते हुए प्रत्येक घर तक सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने योजनाओं की दीर्घकालिक सफलता के लिए जनभागीदारी को आवश्यक बताते हुए समुदाय की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्राम स्तर पर ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति को और अधिक सशक्त बनाते हुए पेयजल योजनाओं के संचालन, अनुरक्षण, जल गुणवत्ता निगरानी तथा स्रोत संरक्षण संबंधी गतिविधियों में उनकी प्रभावी भूमिका सुनिश्चित की जाए। बैठक में जिला स्तर पर योजनाओं की नियमित समीक्षा एवं निगरानी के लिए जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठकों का नियमित आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि योजनाओं की प्रगति, चुनौतियों एवं उनके समाधान की सतत समीक्षा की जा सके। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की समीक्षा के दौरान प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन को प्रभावी ढंग से लागू करने, प्लास्टिक कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को सुदृढ़ बनाने पर विशेष बल दिया गया।विभागीय मंत्री योगेन्द्र प्रसाद ने कहा कि राज्य में पेयजल एवं स्वच्छता सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं की नियमित निगरानी करें। लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करें और गुणवत्ता मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करें। आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता, जवाबदेही एवं जनसहभागिता के माध्यम से राज्य के प्रत्येक परिवार तक सुरक्षित पेयजल एवं बेहतर स्वच्छता सेवाएं पहुंचाने के संकल्प को प्रभावी रूप से धरातल पर उतारा जाएगा।










