सिटी डीएसपी ने किया कोचिंग संस्थानों का फायर ऑडिट सह औचक निरीक्षण

मीडिया हाउस न्यूज एजेंसी बोकारो : पुलिस अधीक्षक, बोकारो के निर्देश के आलोक में पुलिस उपाधीक्षक, नगर के नेतृत्व में झारखंड अग्निशमन विभाग एवं सेक्टर-4 थाना पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा सेक्टर-4 थाना क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न कोचिंग संस्थानों का फायर ऑडिट सह औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कोचिंग संस्थानों में उपलब्ध अग्निशमन उपकरण, आपातकालीन निकास द्वार (Emergency Exit), अग्निशमन मानकों का अनुपालन, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था एवं आपदा की स्थिति में निकासी व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया गया। इस दौरान कुछ संस्थानों में सुरक्षा संबंधी कमियां पाई गईं, जिनकी जांच झारखंड अग्निशमन विभाग द्वारा की जा रही है तथा नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी। बोकारो पुलिस एवं अग्निशमन विभाग द्वारा सभी कोचिंग संस्थानों के संचालकों को अग्नि सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने, अग्निशमन उपकरणों को कार्यशील अवस्था में रखने तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने हेतु आवश्यक तैयारियां बनाए रखने का निर्देश दिया गया।
इस प्रकार का निरीक्षण अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि विद्यार्थियों एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
Join WhatsApp Group यहाँ क्लिक करे










