बोकारो जिला बास्केटबॉल संघ का पहला बास्केटबॉल प्रशिक्षण केंद्र खुलेगा डीपीएस चास में 

मीडिया हाउस न्यूज एजेंसी बोकारो : बोकारो जिला बास्केटबॉल संघ की ओर से जिले में बास्केटबॉल के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), चास में संघ का पहला बास्केटबॉल प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किया जाएगा। इस केंद्र का उद्देश्य बोकारो, चास एवं चंदनकियारी क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण बास्केटबॉल प्रशिक्षण उपलब्ध कराना तथा उन्हें खेल के साथ-साथ अनुशासन, शारीरिक फिटनेस, टीम भावना और व्यक्तित्व विकास के लिए बेहतर मंच प्रदान करना है। इस प्रशिक्षण केंद्र में अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में नियमित अभ्यास कराया जाएगा। यहां खिलाड़ियों को बास्केटबॉल की आधुनिक तकनीक, खेल कौशल, फिटनेस एवं प्रतियोगितात्मक तैयारी का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे जिले के प्रतिभाशाली खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। इस अवसर पर डीपीएस चास की निदेशक-सह-प्राचार्या मनीषा तिवारी ने कहा कि यह विद्यालय के लिए अत्यंत गर्व का विषय है कि बोकारो जिला बास्केटबॉल संघ ने अपना पहला प्रशिक्षण केंद्र डीपीएस चास में शुरू करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि इससे विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ-साथ चंदनकियारी एवं आसपास के क्षेत्रों के बच्चों को भी बास्केटबॉल की बेहतर तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त होगा और उनमें खेल के प्रति रुचि एवं आकर्षण बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों में मोबाइल की बढ़ती लत एक गंभीर चुनौती है। ऐसे में यह प्रशिक्षण केंद्र बच्चों को खेल के मैदान से जोड़ने, उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, अनुशासित बनने तथा शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। वहीं, बोकारो जिला बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष सतेन्द्र नारायण सिंह एवं सचिव कन्हैया प्रसाद ने कहा कि बोकारो जिले के खिलाड़ी लगातार राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले को पदक दिला रहे हैं। बोकारो के कई खिलाड़ी लगातार झारखंड टीम में चयनित हो रहे हैं और अपने शानदार प्रदर्शन से जिले एवं राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि डीपीएस चास में प्रशिक्षण केंद्र शुरू होने से जिले के और अधिक बच्चों को बास्केटबॉल सीखने एवं आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। जो बच्चे अब तक इस खेल से नहीं जुड़ पाए थे, उन्हें भी व्यवस्थित प्रशिक्षण प्राप्त होगा और भविष्य में वे बोकारो जिला, झारखंड राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्राप्त कर सकेंगे।
इस अवसर पर बोकारो जिला बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष सतेन्द्र नारायण सिंह, सचिव खनिया प्रसाद, कोषाध्यक्ष किंकर कृष्णा एवं अन्य पदाधिकारियों ने डीपीएस चास की निदेशक-सह-प्राचार्या मनीषा तिवारी को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया तथा इस महत्वपूर्ण पहल में उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। संघ के पदाधिकारियों ने विद्यालय के शारीरिक शिक्षा शिक्षक राहुल प्रताप सिंह को भी प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि उनके सहयोग से यह पहल सफल हो सकी है। बोकारो जिला बास्केटबॉल संघ ने विश्वास व्यक्त किया कि डीपीएस चास में स्थापित होने वाला यह पहला प्रशिक्षण केंद्र जिले के उभरते खिलाड़ियों के लिए एक सशक्त मंच साबित होगा। आने वाले वर्षों में इस केंद्र से प्रशिक्षित खिलाड़ी राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बोकारो और झारखंड का नाम गौरवान्वित करेंगे।

बीएसएल को हर हालत में रिपेयरिंग करना होगा अन्यथा ढुल्लू महतो के रहते किसी भी कीमत में क्वार्टर नहीं होगा खाली, सांसद ने सेल को दी चेतावनी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *