खनन न्यूज-अवैध खनन और गिट्टी परिवहन पर प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई, 6 बड़े क्रशरों पर मुकदमा,ओटीपी बंद, 27 ट्रक सीज,


मुकेश गुरूदेव मीडिया हाउस महोबा-छह बड़े क्रशरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। जिलाधिकारी मृदुल चौधरी और पुलिस अधीक्षक पलास बंशल के निर्देशन में खनिज विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधौलिया ग्रेनाइट, शारदा मां ग्रेनाइट, मां अंजनी ग्रेनाइट, मां कुष्मांडा ग्रेनाइट और चिश्ती स्टोन के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए उनके ओटीपी बंद कर दिए और अवैध परिवहन में शामिल 27 ट्रकों को सीज किया। जिले में लंबे समय से अवैध खनन और गिट्टी परिवहन की शिकायतें आ रही थीं। इसे लेकर डीएम मृदुल चौधरी ने खनिज विभाग, राजस्व टीम और पुलिस को संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए। कार्रवाई के दौरान कई ट्रकों को अवैध रूप से गिट्टी परिवहन करते पकड़ा गया, जिसके बाद प्रशासन ने 27 ट्रकों को सीज कर दिया। साथ ही बिना रॉयल्टी गिट्टी सप्लाई कर रहे छह बड़े क्रशरों पर मुकदमा दर्ज कर उनके ओटीपी बंद कर दिए गए।
एसडीएम जितेंद्र कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी को लगातार अवैध खनन की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद खनिज विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीमों ने बड़ी कार्रवाई की। जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने साफ कर दिया है कि अवैध खनन करने वालों की अब खैर नहीं है और आगे भी ऐसे माफियाओं के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। सूत्रों के मुताबिक, खनिज विभाग अब जिले में अवैध खनन से जुड़े अन्य कारोबारियों की सूची तैयार कर रहा है और जल्द ही अवैध रूप से काम कर रहे अन्य क्रशरों और ट्रांसपोर्टरों पर भी कार्रवाई हो सकती है। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि जो भी अवैध खनन या परिवहन में लिप्त होगा, उसके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई होगी। डीएम और एसपी की इस संयुक्त कार्रवाई के बाद महोबा जिले में खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।










