टिकट कटने से नाराज तरुण जैन ने दिया भाजपा से इस्तीफा

हिसार, 5 सितंबर (आईएएनएस)। हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए राजनीतिक पार्टियों ने अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान शुरू कर दिया है। इस बीच भारतीय जनता पार्टी को बड़ा झटका लगा है। हिसार से भाजपा के जिला उपाध्यक्ष तरुण जैन ने ट‍िकट न म‍िलने पर भाजपा को अलविदा कह दिया। उन्होंने गुरुवार को प्रेस वार्ता कर पार्टी से इस्तीफा देने की जानकारी दी।

अब उनका अगला राजनीतिक कदम क्या होगा, इस सवाल के जवाब में तरुण जैन ने कहा, मैं अपनी टीम के लोगों के साथ बैठक करूंगा, हिसार की जनता से मिलूंगा, जो भी मार्गदर्शन होगा, उसके अनुसार आगे का फैसला लिया जाएगा। चुनाव लड़ने के लिए सहमति बनती है, तो चुनाव लड़ूंगा।

बता दें कि भाजपा ने बुधवार को व‍िधानसभा चुनाव के लिए 67 उम्मीदवारों की अपनी पहली लिस्ट जारी की। पार्टी ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा से मैदान में उतारा है। इस साल मार्च में मनोहर लाल खट्टर की जगह मुख्यमंत्री बने सैनी वर्तमान में करनाल से विधायक हैं।

उम्मीदवारों की लिस्ट में आठ महिलाएं भी शामिल हैं। भाजपा के 41 विधायकों में से आधे से अधिक को फिर से टिकट दिया गया है। हरियाणा भाजपा के पूर्व प्रमुख एवं पार्टी के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ को बादली से मैदान में उतारा गया है, जबकि पार्टी के वरिष्ठ नेता अनिल विज अपने गढ़ अंबाला छावनी से फिर से चुनाव लड़ रहे हैं।

लिस्ट में केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की बेटी आरती राव का नाम भी शामिल हैं। आरती को अटेली से चुनावी मैदान में उतारा गया है, जबकि श्रुति चौधरी को तोशाम से मैदान में उतारा गया है।

अरविंद केजरीवाल झूठ पर झूठ बोल रहे हैं, कोई काम नहीं किया: हितेश जैन

राव नरबीर सिंह को बादशाहपुर से मैदान में उतारा गया है। दो दिन पहले भाजपा में शामिल हुईं पूर्व कैबिनेट मंत्री विनोद शर्मा की पत्नी शक्ति रानी शर्मा को कालका से टिकट दिया गया है। हाल ही में भाजपा में शामिल हुए देवेंद्र सिंह बबली और संजय कबलाना क्रमशः टोहाना और तोशाम से चुनाव लड़ेंगे।

उम्मीदवार 12 सितंबर तक अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं। नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 16 सितंबर है। चुनाव 5 अक्टूबर को एक ही चरण में होने हैं और मतगणना आठ अक्टूबर को होगी।

–आईएएनएस

डीकेएम/सीबीटी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *