केंद्र को प्रस्ताव भेजकर किसानों को लाभ प्रदान करें आतिशी : शिवराज सिंह चौहान

अहिल्यानगर, 2 जनवरी (आईएएनएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी द्वारा दाऊद इब्राहिम के संदर्भ में की गई टिप्पणी पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तीखी प्रतिक्रिया दी। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आतिशी ने किसानों के कल्याण के लिए भेजे गए उनके पत्र का कोई सार्थक जवाब देने की बजाय भाजपा और केंद्र सरकार को दाऊद इब्राहिम से जोड़कर घिनौनी राजनीति की है।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि किसानों को लाभ दिलाने के लिए मैंने आतिशी को पत्र लिखा था, लेकिन इस पत्र के जवाब में, आतिशी ने दाऊद का नाम लिया, जो उनकी घटिया राजनीति को दर्शाता है।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हमको कोई किसी की संज्ञा दे, हमें परवाह नहीं है। किसान की सेवा हमारे लिए भगवान की पूजा है, हम इसे मानकर कर रहे हैं। यही वजह है कि मैंने दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी को चिट्ठी लिखी थी कि किसान कल्याण की जितनी भी योजनाएं केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही हैं, उन योजनाओं को दिल्ली सरकार ने लागू ही नहीं किया। जिसमें केंद्र पैसा दे रहा है, दिल्ली को केवल प्रस्ताव भेजना था, लेकिन दिल्ली सरकार ने कोई प्रस्ताव नहीं भेजा। मेरा मन बहुत दुखी था कि जब किसानों को अनेक योजनाओं के अंतर्गत लाभ मिल सकता है, तो दिल्ली की सरकार अपने किसानों को क्यों फायदा नहीं दे रही?

उन्होंने कहा कि मैंने तो चिट्ठी लिखी थी कि दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी इन योजनाओं का लाभ दिल्ली के किसानों को दें। मैंने तो आग्रह किया था कि आप किसान कल्याण की योजनाओं को लागू नहीं कर रहे हैं, तो मेरे सवाल का जवाब देने की भी जरूरत नहीं है, बस एक प्रस्ताव भेजो और किसानों को लाभ दो। अब इधर-उधर की बातें करने का कोई मतलब नहीं है। कहीं दाऊद, कहीं फलाना, ढिमका। उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि आतिशी बताएं कि किसानों को लाभ क्यों नहीं दिया गया? वह अब भी प्रस्ताव भेजें, ताकि किसानों को फायदा हो। घटिया राजनीति करने का कोई फायदा नहीं है।

अम‍ित शाह के सवालों का सही समय पर देंगे जवाब : तारि‍क हमीद कर्रा

–आईएएनएस

पीएसके/सीबीटी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *