स्वास्थ्य और स्वाद दोनों से मिलकर बनता है आयुष आहार–प्रतापराव जाधव,आयुष मंत्री

Media House नई दिल्ली-केन्द्रीय आयुष राज्य मंत्री प्रताप राव जाधव ने आज  वर्ल्ड फूड इंडिया में लगी आयुष प्रदर्शनी का दौरा किया तथा विभिन्न गतिविधियों और आयुष उत्पादों का निरीक्षण किया। इस मौके पर श्री जाधव ने कहा कि  ‘स्वास्थ्य और स्वाद दोनों से मिलकर बना है आयुष आहार’ और  आयुष आहार खाने से स्वास्थ्य सही रहता है। आयुष मंत्रालय के द्वारा लगाई गई इस प्रदर्शनी में विभिन्न आयुर्वेद आहार की विभिन्न रेसिपीज़ को प्रदर्शित किया गया है ताकि लोग आसानी से अपने घर में आयुष आहार बना सकें। ऐसा  करके हम स्वस्थ भारत की परिकल्पना को साकार कर पाएंगे।”

आयुष मंत्रालय ने प्रगति मैदान, नई दिल्ली में 19 से 22 सितंबर तक आयोजित वर्ल्ड फूड इंडिया 2024 के दौरान अपने पवेलियन में आयुर्वेद आधारित आहार और भारतीय पारंपरिक चिकित्सा से जुड़े विभिन्न खाद्य उत्पादों का प्रदर्शन कर वैश्विक दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।

आयुष मंत्री ने आगे कहा “आयुष मंत्रालय के पवेलियन में प्रदर्शित उत्पाद पारंपरिक ज्ञान को समकालीन खाद्य समाधानों के साथ जोड़ते हैं, जिससे इनकी वैश्विक मांग में वृद्धि हो रही है”। आयोजन में विश्वभर के स्टेकहोल्डर्स और वरिष्ठ गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया, जिन्होंने भारतीय आयुर्वेद-प्रेरित खाद्य परंपराओं की प्रासंगिकता और उनकी आधुनिक वैश्विक स्वास्थ्य समस्याओं के समाधान में भूमिका पर जोर दिया। केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री ने आधुनिक जीवनशैली के संदर्भ में आयुर्वेद को मुख्यधारा के पोषण और स्वास्थ्य में शामिल करने के महत्व पर भी प्रकाश डाला।

श्री जाधव ने कहा, “आयुर्वेदिक आहार वैज्ञानिक रूप से परखे हुए और परीक्षण किए गए आहार समाधान प्रदान करता है, जो समग्र स्वास्थ्य की अवधारणा को सुदृढ़ बनाता है। वर्ल्ड फूड इंडिया इस प्राचीन ज्ञान को वैश्विक मंच पर लाने का एक अनूठा अवसर प्रदान करता है।”

सतत खनन सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय खनिज नीति 2019

आयुष पवेलियन की मुख्य विशेषताएं:

  • जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों जैसे मधुमेह, मोटापा और उच्च रक्तचाप के लिए विशेष आयुर्वेदिक आहार उत्पादों का प्रदर्शन।
  • आयुर्वेदिक तत्वों को रोज़मर्रा के भोजन में शामिल कर समग्र स्वास्थ्य और कल्याण को सुधारने के तरीकों का प्रदर्शन।
  • पवेलियन में आयुर्वेदिक पोषण विशेषज्ञों द्वारा लाइव प्रदर्शन और परामर्श।
  • सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के प्रतिनिधियों द्वारा आयुर्वेद आहार अनुसंधान और उत्पाद विकास के लिए साझेदारी पर चर्चा।
  • योग का लाइव प्रदर्शन और योग थेरेपी।

खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय द्वारा आयोजित वर्ल्ड फूड इंडिया 2024 ने खाद्य और कृषि क्षेत्रों में अंतर्राष्ट्रीय और भारतीय कंपनियों, नीति निर्माताओं और विशेषज्ञों को एक साझा मंच प्रदान किया है। आयुष पवेलियन आगंतुकों को आयुर्वेदिक सिद्धांतों को दैनिक आहार में शामिल करने के स्वास्थ्य लाभों को समझने और अपनाने का अवसर दे रहा है।

माननीय आयुष मंत्री ने यह भी कहा कि मंत्रालय आयुर्वेदिक खाद्य पदार्थों के लिए मानकीकृत दिशानिर्देश विकसित करने और वैश्विक बाजारों में आयुर्वेद आहार को लोकप्रिय बनाने के लिए अंतरराष्ट्रीय नियामक निकायों के साथ मिलकर काम करने की योजना बना रहा है। उन्होंने कहा, “आयुर्वेद के पास स्थायी और निवारक स्वास्थ्य समाधानों की पेशकश कर वैश्विक खाद्य परिदृश्य को बदलने की क्षमता है। हम इस क्षेत्र में अनुसंधान और नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।” सीईओ एनएमपीबी (नेशनल मेडिसिनल प्लांट बोर्ड) डॉ महेश दधीचि ने मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में माननीय आयुष राज्य मंत्री  का स्वागत किया और उन्हें आयुर्वेद आहार की गतिविधियों और प्रदर्शन के बारे में जानकारी दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *