मुख्यमंत्री ने प्रयागराज दौरे पर उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा स्थापित पर्यटन गैलरी का भी किया अवलोकन

मीडिया हाउस न्यूज एजेंसी महाकुम्भनगर- प्रयागराज महाकुम्भ में मौनी अमावस्या के अमृत स्नान की तैयारियों की समीक्षा करने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सबसे पहले मेला क्षेत्र में उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा स्थापित पर्यटन गैलरी का अवलोकन किया। गैलरी में उत्तर प्रदेश के प्रमुख स्थलों को भव्यता के साथ प्रदर्शित किया गया है। सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश पर्यटन के क्षेत्र में तीव्र गति से विकास करने वाला राज्य है। घरेलू पर्यटन के मामले में यूपी पहले स्थान पर है। विदेशी पर्यटकों के आगमन में भी यह उपलब्धि हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग द्वारा स्थापित यह गैलरी उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक, आध्यात्मिक, ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक विरासत की अनुभूति करा रही है। महाकुम्भ में देश और दुनिया से आने वाले पर्यटकों को राज्य में व्याप्त पर्यटन की असीम संभावनाओं से यह परिचित कराएगी। यहां ईको टूरिज्म को भी विशेष रूप से दर्शाया गया है। उत्तर प्रदेश ईको टूरिज्म में भी तेजी से प्रगति कर रहा है। इसके माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा करने में मदद मिल रही है।
*पर्यटकों को यूपी भ्रमण के लिए किया जा रहा प्रेरित*
उत्तर प्रदेश पर्यटन द्वारा महाकुम्भ-2025 प्रयागराज के अवसर पर डिजिटल प्रदर्शनी पंडाल की स्थापना की गई है। इसका मुख्य उद्देश्य महाकुम्भ में देश-दुनिया से आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को राज्य में व्याप्त पर्यटन की असीम संभावनाओं से परिचित कराना है। यह महाकुम्भ-2025 की अवधारणा (दिव्य, भव्य एवं डिजिटल) पर आधारित है। प्रदर्शनी पंडाल में एनामार्फिक डिजिटल वॉल के माध्यम से उत्तर प्रदेश के पर्यटन गंतव्यों को प्रदर्शित किया गया है। पंडाल में आने वाले पर्यटकों/श्रद्धालुओं को महाकुम्भ के अतिरिक्त उत्तर प्रदेश के पर्यटन गंतव्यों को प्रदर्षित कर वहां भ्रमण के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया गया है। पंडाल में ईको टूरिज्म सें सम्बन्धित गंतव्य स्थल पर्यटकों को विशेष रूप से आकर्षित कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के लिए जाना जाता है। इस पंडाल की समृद्ध संस्कृति का भी प्रदर्शन किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश इसके अलावा उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध हस्तशिल्प उत्पाद को भी दर्शाया जा रहा है।
*360 डिग्री व्यू देखने की सुविधा*
इस गैलरी में उत्तर प्रदेश पर्यटन से संबंधित ऑनलाइन क्विज का भी आयोजन किया जा रहा है। जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र डिजिटली प्रदान किया जाएगा। इस प्रदर्शनी पंडाल में विभाग द्वारा पर्यटन गन्तव्यों पर निर्मित कराई गई एआरवीआर फिल्मों को भी प्रदर्शित किया जा रहा है। पर्यटकों को प्रदर्शनी पंडाल से ही पर्यटन गन्तव्यों का 360 डिग्री व्यू देखने को मिलेगा। पर्यटकों की सुविधा के लिए प्रयागराज के रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन के साथ-साथ महाकुंभ क्षेत्र में परेडग्राउंड, नागवासुकी मंदिर, अरैल आदि स्थान पर्यटन सूचना केंद्र भी बनाए गए हैं।