विश्व पर्यावरण दिवस पर जन शिक्षण संस्थान ने चलाया पर्यावरण संरक्षण जागरूकता अभियान

मीडिया हाउस लखनऊ – विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन स्थापित जन शिक्षण संस्थान, गोमती नगर, लखनऊ द्वारा उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के संयुक्त तत्वावधान में शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास एवं सूत्र संस्था के सहयोग से हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर पर्यावरण संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, जल संरक्षण तथा प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अधिकाधिक वृक्षारोपण करने, जल संरक्षण अपनाने तथा प्राकृतिक संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वैश्विक ईंधन संकट के दौर में मेट्रो जैसे सार्वजनिक परिवहन का उपयोग बढ़ाकर पेट्रोल एवं डीजल की खपत कम की जा सकती है, जिससे ऊर्जा संसाधनों की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बल मिलेगा।
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. कीर्ति विक्रम सिंह ने अधिक संख्या में पौधरोपण पर जोर देते हुए कहा कि वृक्षों से वातावरण में ऑक्सीजन की मात्रा बढ़ती है और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण उपलब्ध कराया जा सकता है। बीरबल साहनी पुराविज्ञान संस्थान के वैज्ञानिक एवं पर्यावरण संप्रेषक डॉ. निमिष कपूर ने पर्यावरण संरक्षण के वैज्ञानिक पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए प्राचीन भारतीय पर्यावरणीय व्यवस्थाओं की जानकारी साझा की।
पर्यावरणविद् एवं ‘पेड़ बाबा’ के नाम से प्रसिद्ध चंद्रभूषण तिवारी ने कविता के माध्यम से प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया। जन शिक्षण संस्थान के निदेशक अनिल कुमार श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्थान की कौशल विकास गतिविधियों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम में लखनऊ महिला सेवा ट्रस्ट की सचिव फरीदा जलीस तथा वर्चस्व वेलफेयर सोसाइटी की प्रमुख प्रतिभा बालियन ने भी पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में अपने अनुभव साझा किए। इस अवसर पर जन शिक्षण संस्थान एवं सहयोगी संस्थाओं के लाभार्थियों द्वारा निर्मित हस्तशिल्प उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा।
कार्यक्रम से पूर्व उत्तर प्रदेश मेट्रो द्वारा विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन पर ‘माय दीदी’ मेट्रो बाइक सेवा का शुभारंभ भी किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश मेट्रो के निदेशक (परिचालन) प्रशांत मिश्रा, संयुक्त महाप्रबंधक (जनसंपर्क) पंचानन मिश्रा, उत्तर रेलवे के वरिष्ठ खंड अभियंता एवं शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के पर्यावरण जिला संयोजक के.बी. पंत सहित अनेक अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।










