कोलकाता रेप-मर्डर केस : पटना में भाजपा महिला मोर्चा ने निकाला कैंडल मार्च, ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग

पटना, 16 अगस्त (आईएएनएस)। कोलकाता आरजी कर मेडिकल कॉलेज की महिला ट्रेनी डॉक्टर के साथ रेप व मर्डर को लेकर देश भर में गुस्सा है। हर तरफ विरोध-प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। लोगों की मांग है कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। पटना में शुक्रवार को भाजपा महिला मोर्चा की ओर से भाजपा प्रदेश कार्यालय से इनकम टैक्स चौराहे तक कैंडल मार्च निकाला गया।

मार्च की शुरुआत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने की। मार्च में शामिल भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने दोषियों की गिरफ्तारी और प्रदेश के मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग की।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश प्रभारी सजल झा ने कहा कि महिला सुरक्षा के लिए पीएम मोदी कानून बना रहे हैं। दूसरी तरफ, ममता बनर्जी के राज्य में एक बेटी के साथ हैवानियत हुई। उन्होंने कहा कि ममता सरकार को पीड़िता को न्याय दिलानी चाहिए, लेकिन वह राजनीति कर रही हैं। सीएम ममता बनर्जी को अपने पद से तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए।

प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने कहा कि इस घटना में शामिल सभी दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। इस दौरान लोगों ने ममता बनर्जी के खिलाफ नारेबाजी की।

बता दें कि बीते दिनों कोलकाता स्थित आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की एक महिला ट्रेनी डॉक्टर रहस्यमय परिस्थितियों में मृत पाई गई थीं। वह अस्पताल में स्नातकोत्तर द्वितीय वर्ष की छात्रा थीं और चेस्ट मेडिसिन विभाग में हाउस स्टाफ के रूप में भी काम कर रही थीं।

महिला डॉक्टर के साथ हुई दरिंदगी और हत्या के बाद राज्य में काफी तनाव है। देश के अलग-अलग हिस्सों में डॉक्टर इस घटना को लेकर विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदेश की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मामले को फास्ट-ट्रैक कोर्ट में ले जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि अगर जरूरत पड़ी तो आरोपियों को फांसी की सजा दी जाएगी। मामले में सीबीआई जांच कर रही है।

ममता बनर्जी का विवादास्पद बयान, महाकुंभ को बताया 'मृत्यु कुंभ'

–आईएएनएस

पीएसके/सीबीटी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *