ऑपरेशन दहन” के तहत अवैध शराब के विरुद्ध बड़ी कार्यवाही

मीडिया हाउस सोनभद्र – पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन दहन” के तहत अवैध मादक पदार्थों के निस्तारण के क्रम में, अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी घोरावल राहुल पाण्डेय के कुशल पर्यवेक्षण में आज दिनांक 10.05.2026 को थाना करमा परिसर में विभिन्न अभियोगों से संबंधित कुल 71 मुकदमों के मुकदमाती माल (अवैध शराब) का विधिक रूप से निस्तारण कराया गया।
उक्त कार्यवाही सक्षम मजिस्ट्रेट/राजपत्रित अधिकारी की उपस्थिति में विधिक प्रावधानों का पालन करते हुए संपन्न कराई गई। निस्तारण के दौरान बरामद शराब को थाना परिसर में गड्ढा खुदवाकर पर्यावरणीय मानकों का पालन करते हुए विधिवत रूप से नष्ट किया गया, जिससे इसके दुरुपयोग एवं पुनः अवैध प्रचलन की संभावना पूर्णतः समाप्त की जा सके।
अभियान के अंतर्गत नष्ट की गई मदिरा का विवरण निम्नवत है—
01. कुल 64 मुकदमों से संबंधित कच्ची देशी शराब – 721 लीटर।
02. कुल 02 मुकदमों से संबंधित अंग्रेजी शराब – 12,239 लीटर, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹61,19,500/-
03. कुल 05 मुकदमों से संबंधित देशी सरकारी शराब – 29 लीटर, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹7,250/-
थाना करमा पुलिस द्वारा की गई उक्त कार्यवाही अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में एक महत्वपूर्ण कदम है। जनपद पुलिस द्वारा भविष्य में भी अवैध मादक पदार्थों एवं शराब के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।










