विद्यालयों में गूंजा ‘स्वस्थ जीवन’ का मंत्र,

मीडिया हाउस लखनऊ – 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों, ब्लॉक संसाधन केंद्रों, जिला मुख्यालयों तथा शैक्षिक संस्थानों में व्यापक स्तर पर योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योग को स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन का आधार बताया।

राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी), उत्तर प्रदेश के नवीन परिसर में निदेशक गणेश कुमार के नेतृत्व में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में अधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने योगाभ्यास करते हुए नियमित योग अपनाने का संकल्प लिया।

निदेशक गणेश कुमार ने कहा कि योग भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर है। यह केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक एकाग्रता, आत्मानुशासन और सकारात्मक जीवन दृष्टि विकसित करने का सशक्त साधन भी है। विद्यालय स्तर पर योग को बढ़ावा देकर हम बच्चों में स्वस्थ जीवनशैली, आत्मविश्वास और संतुलित व्यक्तित्व के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठा रहे हैं।

प्रदेशभर में योग दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। लखनऊ के प्राथमिक विद्यालय बेहटा बीकेटी, गौतमबुद्ध नगर के कम्पोजिट विद्यालय पर्थला खंजरपुर तथा कानपुर नगर के प्राथमिक विद्यालय ललकीपुरवा में बच्चों और शिक्षकों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों को योग की उपयोगिता बताते हुए नियमित अभ्यास के लिए प्रेरित किया।

अयोध्या के पूर्व माध्यमिक विद्यालय बवा, अमानीगंज में विद्यार्थियों को शीर्षासन, धनुरासन, बकासन, ताड़ासन और वज्रासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया। वाराणसी और मथुरा में भी योग दिवस के कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित हुए।

खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों में 700 करोड़ के प्रस्तावों को मिली मंजूरी, 150 करोड़ मिलेगा अनुदान

बस्ती जनपद के सभी विद्यालयों, ब्लॉक संसाधन केंद्रों और जिला मुख्यालय पर भी योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। विद्यार्थियों को योग के महत्व से परिचित कराते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया गया। मेरठ के कैलाश प्रकाश स्टेडियम में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सक्रिय सहभागिता की।

आजमगढ़ के विभिन्न प्राथमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया तथा अनुशासन, एकाग्रता और सकारात्मक दिनचर्या में योग की भूमिका को समझा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *