छह प्रमुख निर्माण कार्यों से छात्राओं के आवास, स्वच्छता और सुरक्षा सुविधाओं का होगा विस्तार

मीडिया हाउस लखनऊ – मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने बेटियों की शिक्षा को मजबूत आधार देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में 101.49 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की गई है। इस धनराशि से विद्यालयों में अतिरिक्त डॉरमेट्री, जर्जर भवनों के पुनर्निर्माण, टॉयलेट ब्लॉक, गार्ड रूम, सेप्टिक टैंक और बाउंड्री वॉल सहित छह प्रमुख निर्माण कार्य कराए जाएंगे।

बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बेटियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित और सुविधायुक्त विद्यालयी वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर काम कर रही है। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार इसी संकल्प की महत्वपूर्ण कड़ी है। इन निर्माण कार्यों से छात्राओं को बेहतर शैक्षिक वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक मोनिका रानी के निर्देशों के क्रम में उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद को कार्यदायी संस्था बनाया गया है। स्वीकृत लागत के सापेक्ष धनराशि अवमुक्त कर निर्माण कार्यों को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

कस्तूरबा विद्यालयों में छात्राओं की आवासीय, स्वच्छता और सुरक्षा जरूरतों को ध्यान में रखते हुए यह कार्य कराए जा रहे हैं। अतिरिक्त डॉरमेट्री से आवासीय क्षमता बढ़ेगी, जर्जर भवनों के पुनर्निर्माण से सुरक्षित भवन उपलब्ध होंगे, टॉयलेट ब्लॉक और सेप्टिक टैंक से स्वच्छता व्यवस्था बेहतर होगी, वहीं गार्ड रूम और बाउंड्री वॉल से परिसर की सुरक्षा मजबूत होगी। इससे विद्यालय अधिक सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधायुक्त आवासीय शिक्षा केंद्रों के रूप में विकसित होंगे।

ए के शर्मा ने ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 में ऊर्जा क्षेत्र में आये निवेश प्रस्तावों की प्रगति की समीक्षा की

राज्य स्तर से स्वीकृत निर्माण कार्यों को तेजी से शुरू कराने के लिए संबंधित जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को कार्यदायी संस्था से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि विद्यालयवार कार्यों की प्रगति में तेजी आए और निर्माण समय से पूरे हों।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *