बिहार के चंपारण से शुरू हुई कांग्रेस की 'पलायन रोको – नौकरी दो' पदयात्रा

बेतिया, 16 मार्च (आईएएनएस)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की कर्मभूमि बिहार के पश्चिमी चंपारण से रविवार को कांग्रेस की “पलायन रोको – नौकरी दो” पदयात्रा शुरू हुई। पदयात्रा जिले के भीतिहरवा गांधी आश्रम से शुरू हुई है।

पदयात्रा में कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार के साथ बिहार कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश सिंह और बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरू भी शामिल हुए। यह यात्रा 14 अप्रैल को पटना पहुंचेगी।

यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने सरकार पर विभिन्न मुद्दों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने पदयात्रा के उद्देश्यों को लेकर कहा कि यह पदयात्रा लोकसभा और विधानसभा में सीट मिलने की यात्रा नहीं है, बल्कि यह यात्रा नौकरी में सबको सीट मिले, उसकी यात्रा है। जो पढ़-लिख चुके हैं, उन्हें दफ्तर में नौकरी मिले, उसके लिए यह यात्रा है। इस यात्रा के जरिए हम पलायन के मुद्दों को उठा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पलायन शिक्षा और नौकरी की कमी के कारण होता है। सरकार जब ये दोनों चीजें दे नहीं पाती है, तो उन्माद फैलाती है और लोगों को भड़काती है।

कन्हैया कुमार ने कहा कि अगर बिहार को बेहतर बनाना है, तो राज्य की युवा शक्ति को काम देना होगा, रोजगार देना पड़ेगा, यही इस यात्रा का उद्देश्य है। यह बेरोजगार युवकों को रोजगार दिलाने की यात्रा है।

उन्होंने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि जितना लव लेटर लीक नहीं होता है, उतने भर्ती परीक्षा के प्रश्न पत्र लीक हो जा रहे हैं। बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने के संबंध में उन्होंने बताया कि अभी तो पदयात्रा की शुरुआत हुई है, उसके बाद इसका खुलासा करेंगे।

उत्तराखंड: हर्षिल में पीएम मोदी ने की मां गंगा की पूजा-अर्चना

बिहार कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि आज बिहार की जनता के मुद्दों को लेकर यह यात्रा भीतिहरवा गांधी आश्रम से प्रारंभ की गई है। यह यात्रा पूरे बिहार में महंगाई, पेपर लीक, भ्रष्टाचार और मजदूरों के पलायन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को जनता के समक्ष लाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इन समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रही है। कांग्रेस का मानना है कि राज्य में बेरोजगारी के कारण युवाओं को पलायन करना पड़ रहा है।

–आईएएनएस

एमएनपी/एकेजे

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *