जलशक्ति मंत्री का आजमगढ़ दौरा: बाढ़ सुरक्षा, भवन लोकार्पण और विकास कार्यों का लिया जायज़ा

मीडिया हाउस न्यूज एजेन्सी आजमगढ़-उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह आज एक दिवसीय दौरे पर आजमगढ़ पहुँचे, जहाँ उन्होंने जल संसाधन और सिंचाई विभाग से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की, लोकार्पण कार्यक्रमों में भाग लिया और ज़मीनी हकीकत को समझने के लिए कई स्थलों का निरीक्षण किया। मंत्री के आजमगढ़ पहुंचने पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्री ध्रुव सिंह और लालगंज जिला अध्यक्ष श्री विनोद राजभर सहित सैकड़ों लोगों ने भव्य स्वागत किया। मंत्री जी के दौरे की खास बात यह रही कि उन्होंने एक बार फिर अपने ‘ग्राउंड जीरो विज़िट’ के सिद्धांत पर चलते हुए विकास कार्यों की प्रगति को प्रत्यक्ष रूप से देखा|

अपने दौरे के दौरान मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने शारदा सहायक खंड 23 एवं खंड 32 के नवनिर्मित भवनों का लोकार्पण किया। खंड 23 का भवन ₹4.34 करोड़ की लागत से तैयार किया गया है। वहीं खंड 32 का भवन ₹4.11 करोड़ की लागत से निर्मित हुआ है। इन भवनों के निर्माण से विभागीय कार्यों के संचालन में और अधिक सुविधा और गति आएगी, जिससे आजमगढ़ जनपद को तकनीकी और प्रशासनिक रूप से और अधिक सशक्त बनाया जा सकेगा। सरयू नदी से बाढ़ सुरक्षा के लिए जनपद आजमगढ़ में जल शक्ति विभाग द्वारा विशेष प्रयास किए गए हैं। कुल 8 अदद तटबंध, जो कि 75.800 किलोमीटर तक फैले हुए हैं, का निर्माण कराया गया है। इन तटबंधों से 42732 हेक्टेयर कृषि भूमि और 66687 जनसंख्या की सुरक्षा सुनिश्चित की गई है। यह कार्य बाढ़ से होने वाले नुकसान को रोकने और ग्रामीण क्षेत्रों की आर्थिक सुरक्षा को बनाए रखने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री ने बदायूँ में सीएनजी संयंत्र का किया उद्घाटन

जल संचयन और वर्षा जल संग्रहण के क्षेत्र में भी आजमगढ़ में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। जनपद में कुल 795 तालाब चिन्हित हैं, जिनमें से 597 तालाबों को 6 मई 2025 तक भरवा दिया गया है। यह कार्य जल संरक्षण की दिशा में एक सशक्त पहल है, जिससे भूगर्भ जल स्तर के संतुलन में सुधार होगा और ग्रामीण क्षेत्रों में सिंचाई की सुविधा भी सुलभ होगी। जनपद आजमगढ़ में जल शक्ति विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2024-25 के अंतर्गत 10 परियोजनाएं पूर्ण की गई हैं, जिनकी कुल लागत 2021.27 लाख रुपये है। इसके अतिरिक्त, वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 14 परियोजनाएं चल रही हैं, जिनकी कुल लागत 8039.74 लाख रुपये है। इन परियोजनाओं में जल संसाधन विकास, नहरों की मरम्मत, पंप हाउस उन्नयन, जल निकासी तंत्र सुधार और ग्रामीण क्षेत्रों में सिंचाई क्षमता वृद्धि जैसे कार्य सम्मिलित हैं।

दौरे के दौरान मंत्री स्वतंत्र देव सिंह जी ने विभागीय अधिकारियों के साथ परियोजनाओं की समीक्षा भी की। विभागीय मंत्रियों से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि “प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि हर नागरिक को समय पर और स्थायी जल सुविधा मिले। बरसात से पहले सभी तटबंधों, नहरों, जलाशयों और ड्रेनेज की स्थिति दुरुस्त कर ली जाए। किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
मंत्री ने यह भी कहा कि जो भी परियोजनाएं स्वीकृत हैं, उन्हें समयबद्धता के साथ पूर्ण किया जाए और पारदर्शिता बनाए रखी जाए।
उन्होंने फील्ड अधिकारियों से कहा कि वे केवल दफ्तर में बैठकर नहीं, बल्कि ज़मीन पर उतर कर कार्यों की वास्तविक स्थिति का मूल्यांकन करें, ताकि जनता को वास्तविक लाभ मिल सके।

मिशन शक्ति के तहत "कम्युनिटी पुलिसिंग एवं महिला सशक्तिकरण" अभियान के अंतर्गत महिलाओं/बालिकाओं की सुरक्षा, जागरुकता एवं सामुदायिक पहुँच हेतु गोष्ठी का आयोजन ।

स्वतंत्र देव सिंह जी वर्तमान योगी सरकार में प्रदेश के सबसे अधिक जिलों का दौरा करने वाले मंत्री हैं। उनका काम करने का तरीका यही है—सीधे ज़मीन पर जाकर, जनता की ज़ुबानी समस्याएं जानना और समाधान सुनिश्चित करना। यही कारण है कि जल शक्ति मंत्रालय के अधीन अधिकतर योजनाएं और परियोजनाएं रिकॉर्ड समय में पूरी होती हैं। उनकी कार्यशैली का ही परिणाम है कि उत्तर प्रदेश में जल प्रबंधन के क्षेत्र में एक नई कार्यसंस्कृति विकसित हो रही है, जो ‘विकास’ और ‘जनहित’ को केंद्र में रखती है।
आजमगढ़ दौरे में भी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने जिस तरह से लोकार्पण, निरीक्षण और समीक्षा की श्रृंखला चलाई, उससे यह स्पष्ट होता है कि योगी सरकार का जल शक्ति मंत्रालय हर मोर्चे पर सक्रिय है। बरसात से पहले तैयारी, जल संचयन, बाढ़ सुरक्षा और तकनीकी संरचना का विकास – यह चारों आयाम एक सशक्त और दूरदर्शी नेतृत्व की पहचान हैं। आजमगढ़ की जनता और प्रशासनिक मशीनरी ने भी इस दौरे को सकारात्मक रूप से लिया और आशा जताई कि आगामी समय में जल संसाधन क्षेत्र में और अधिक व्यापक विकास होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *