जयपुर में यूथ कांग्रेस ने सीएम आवास का किया घेराव, पुलिस ने कार्यकर्ताओं पर किया लाठीचार्ज

जयपुर, 21 दिसंबर (आईएएनएस)। राजस्थान प्रदेश यूथ कांग्रेस ने जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के सरकारी आवास का घेराव किया। इस दौरान पुल‍िस से हुई भ‍िड़ंत में कई कार्यकर्ता घायल हो गए।

बेरोजगारी और नशे के विरोध में सीएम आवास घेरने जा रहे यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता पुलिस से भिड़ गए। इस दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया। पानी की तेज धार के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पीछे हटने से इनकार कर दिया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।

प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर कुर्सियां फेंकी, इससे माहौल और गरमा गया। हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया, इसमें कई कार्यकर्ता घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया।

प्रदर्शन में यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब, प्रदेश अध्यक्ष अभिमन्यु पुनिया, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, राजस्थान प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और सांसद कुलदीप पुनिया ने हिस्सा लिया।

राजस्थान यूथ कांग्रेस का यह प्रदर्शन ‘नौकरी दो, नशा नहीं’ अभियान के तहत हो रहा है। यूथ कांग्रेस के इस प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य बेरोजगारी और संविधान बचाने के लिए आवाज उठाना था। विरोध-प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हालिया बयान की निंदा की।

यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अभिमन्यु पुनिया ने कहा कि भाजपा बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर का अपमान कर रही है, इससे यह साफ झलकता है कि भाजपा दलितों के साथ अन्याय कर रही है। राजस्थान और देश में युवाओं के साथ धोखा किया जा रहा है। उन्हें नौकरी के नाम पर नशा दिया जा रहा है। मौजूदा सरकार जनता की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो प्रदेश भर में बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।

कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने कहा: यूपी पंचायत चुनाव विधानसभा चुनाव के बाद होंगे

–आईएएनएस

एकेएस/सीबीटी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *