गोमिया में पेयजल योजनाओं के विस्तार को लेकर विभागीय टीम ने किया सर्वेक्षण, डीपीआर तैयार

(दीपक पासवान,)मीडिया हाउस न्यूज एजेंसी बोकारो /गोमिया : पेयजल की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में गोमिया प्रखंड क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल शुरू की गई है। पेयजल मंत्री योगेंद्र प्रसाद के निर्देश पर गोमिया पंचायत और स्वांग उत्तरी पंचायत में पेयजलापूर्ति योजनाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण को लेकर रांची से विभागीय टीम ने क्षेत्र का सर्वेक्षण किया। सर्वेक्षण के बाद दोनों पंचायतों में प्रस्तावित कार्यों को लेकर डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार कर ली गई है। गोमियाडीह पेयजलापूर्ति योजना के तहत बोकारो नदी में नया इंटेक वेल बनाने, पानी की नई टंकी स्थापित करने तथा पंचायत के विभिन्न गांवों में पाइपलाइन का विस्तार करने की योजना तैयार की गई है। वहीं स्वांग उत्तरी पंचायत में स्वांग पेयजलापूर्ति योजना के तहत कोनार नदी में नया इंटेक वेल बनाने, भारतीय सपोर्टिंग क्लब पुराना माइनर्स के मैदान के समीप पानी टंकी का निर्माण करने तथा पंचायत के विभिन्न गांवों में पाइपलाइन का विस्तार करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। विभागीय टीम ने प्रस्तावित स्थलों का निरीक्षण कर उपयुक्त स्थानों का जायजा लिया। सर्वेक्षण के आधार पर योजना की तकनीकी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए डीपीआर तैयार की गई है। इसके बाद विभागीय स्तर पर आगे की प्रक्रिया पूरी कर योजनाओं को धरातल पर उतारने की दिशा में काम किए जाने की उम्मीद है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में गर्मी के दिनों में पेयजल संकट की समस्या गंभीर हो जाती है। कई गांवों में लोगों को दूर-दराज के क्षेत्रों से पानी लाना पड़ता है है। ऐसे में नई इंटेक वेल, पानी टंकी और पाइपलाइन विस्तार की योजना से ग्रामीणों को पेयजल की समस्या से निजात मिलेगी। पेयजल मंत्री योगेंद्र प्रसाद के निर्देश पर दोनों प्रस्तावित योजनाओं का कार्य जल्द शुरू होगा। ग्रामीणों ने हर्ष व्यक्त करते हुए इस कार्य के लिए मंत्री योगेंद्र प्रसाद के प्रति आभार जताया है।










