जनपद सोनभद्र में पहली बार हुई नौका दौड़; लोकसंस्कृति की रंगारंग प्रस्तुतियों से सजा गंगा उत्सव

मीडिया हाउस सोनभद्र – जिला गंगा समिति, सोनभद्र के तत्वावधान में गंगा उत्सव-2026 के अवसर पर सोन नदी तट स्थित छठ घाट, चोपन में भव्य महागंगा आरती, नौका दौड़ प्रतियोगिता एवं विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नदी संरक्षण, जनसहभागिता एवं सोनभद्र की समृद्ध आदिवासी लोकसंस्कृति की अनूठी झलक देखने को मिली।

जनपद में पहली बार आयोजित हुई नौका दौड़ बनी आकर्षण का केंद्र

गंगा उत्सव का प्रमुख आकर्षण जनपद सोनभद्र में पहली बार आयोजित नौका दौड़ प्रतियोगिता रही। सोन नदी की सहायक नदियों के नाम पर आयोजित इस प्रतियोगिता में बजरंग घाट से छठ घाट, चोपन तक विभिन्न नदियों के नाम पर नाविकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में गंडक नदी के नाविकों ने प्रथम, पांडु नदी के नाविकों ने द्वितीय तथा बिजुल नदी के नाविकों ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त सोन, रिहंद, कर्मनाशा, कनहर, बेलन सहित अन्य नदियों के नाविकों ने भी प्रतिभाग किया। विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

महागंगा आरती एवं दीप प्रज्वलन से भक्तिमय हुआ सोन नदी तट

सायंकाल छठ घाट, चोपन पर भव्य महागंगा आरती का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि प्रभागीय वनाधिकारी श्री आशुतोष कुमार जायसवाल, एवं विशिष्ट अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष उस्मान अली द्वारा दीप प्रज्वलित कर महागंगा आरती का शुभारंभ किया गया। दीपों की जगमगाहट एवं आरती के भक्तिमय वातावरण ने पूरे घाट को आध्यात्मिक एवं उत्सवमय स्वरूप प्रदान किया।

कर्मा एवं परसोना नृत्य से जीवंत हुई सोनभद्र की लोकसंस्कृति

कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं व रंगोली बनाकर कार्यक्रम मे अलग ही चाप छोड़ी। वहीं स्थानीय आदिवासी लोक कलाकारों द्वारा सोनभद्र की पारंपरिक लोकसंस्कृति के प्रतीक करमा एवं परसोना नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी गई, जिसने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।

नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए बूथवार लक्ष्य निर्धारित करे-जिलाधिकारी

इस अवसर पर गंगा एवं उसकी सहायक नदियों के संरक्षण, स्वच्छता एवं संवर्धन हेतु उपस्थित अतिथियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं आमजन को संरक्षण शपथ दिलाई गई तथा हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से जनसहभागिता का संदेश दिया गया। नदी एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रभागीय वनाधिकारी आशुतोष कुमार जायसवाल, विशिष्ट अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष  उस्मान अली, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत चोपन अखिलेश, उप प्रभागीय वनाधिकारी शत्रुघ्न त्रिपाठी, उप प्रभागीय वनाधिकारी कपिल, क्षेत्रीय वनाधिकारी अभिषेक यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम एवं जिला गंगा समिति, सोनभद्र के जिला परियोजना अधिकारी महेंद्र गौतम, नगर पंचायत चोपन के लिपिक अंकित पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी एवं आमजन उपस्थित रहे।

इस आयोजन के माध्यम से जिला गंगा समिति ने नदियों को केवल जलधारा नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत, आजीविका एवं जीवन का आधार मानते हुए उनके संरक्षण का संदेश दिया। जनपद में पहली बार आयोजित नौका दौड़ के माध्यम से विभिन्न नदियों के नाविकों को एक साझा मंच प्रदान किया गया, जिससे भविष्य में भी नदी संरक्षण एवं जनसहभागिता के ऐसे आयोजनों को नई दिशा मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *