पिट्स मॉडर्न स्कूल गोमिया में भव्य रूप से गुरु वशिष्ठ पुरस्कार समारोह संपन्न

मीडिया हाउस न्यूज एजेंसी बोकारो/गोमिया : पिट्स मॉडर्न स्कूल गोमिया में शनिवार को डॉ. राधाकृष्णन सहोदया स्कूल्स कॉम्प्लेक्स बोकारो के तत्वावधान में भव्य गुरु वशिष्ठ पुरस्कार समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्तरी छोटा नागपुर क्षेत्र के आईपीएस पुलिस महानिरीक्षक शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ राधाकृष्णन सहोदया स्कूल्स कॉम्प्लेक्स बोकारो के कई पदाधिकारी मौजूद थे। इसमें सहोदया स्कूल्स कॉम्प्लेक्स के अध्यक्ष अवनींद्र सिंह गंगवार, दिल्ली पब्लिक स्कूल बोकारो के प्राचार्य, सहोदया स्कूल्स कॉम्प्लेक्स के महासचिव सह मेजबान विद्यालय के प्राचार्य बृज मोहन लाल दास, ओरिका प्रबंधन अभिषेक विश्वास, गोमिया स्कूल सोसाइटी के उपाध्यक्ष अरिंदम दास गुप्ता सहित सहोदया परिवार के कई सम्मानित पदाधिकारी एवं गोमिया स्कूल सोसाइटी के सदस्य मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका वंदना ठाकुर एवं नेहा कुमारी ने किया। इस समारोह में 21 सदस्य विद्यालयों ने सहभागिता की। इसमें डॉ. राधाकृष्णन सहोदया स्कूल्स कॉम्प्लेक्स बोकारो के सहभागी सदस्य विद्यालयों के 65 विशिष्ट शिक्षकों को मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि ने उनके समर्पण, प्रतिबद्धता, तथा शिक्षा के क्षेत्र में उनके अमूल्य योगदान के लिए सम्मानित किया। इस क्रम में पिट्स मॉडर्न स्कूल के सेकेंडरी कोऑर्डिनेटर निलांजना दास गुप्ता को भी सम्मानित किया गया। मौके पर मुख्य अतिथि आईपीएस शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए अनुशासन, समर्पण और निरंतरता अत्यंत आवश्यक है।उन्होंने युवा मनों में इन मूल्यों को विकसित करने तथा जिम्मेदार एवं आत्मविश्वासी नागरिकों के निर्माण में शिक्षकों के योगदान की सराहना की। उन्होंने अपने प्रारंभिक बाल्यकाल के अनुभवों को भी साझा किया और बताया कि उनका पालन-पोषण एक प्रधानाध्यापक के संरक्षण में हुआ।कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन करिश्मा बिष्ट ने किया।










