257 करोड़ रुपये से बिछाया जाएगा 86 किलोमीटर सड़कों का जाल

मीडिया हाउस सोनभद्र – आदिवासी बाहुल्य सोनभद्र जिले के पिछड़ापने की पहचान को खत्म कर विकसित व सुव्यवस्थित सोनभद्र बनाने के लिए योगी सरकार युद्ध् स्तर पर प्रयास कर रही है। पिछड़ेपन को दूर करने के लिए सरकार ने यहां निवेश अनुकूल माहौल बनाया जिसके बाद बड़ी कंपनियों ने निवेश कर बदलाव की नींव तो रख दी है। जनपद में विकास कार्य भी तेजी से चल रहे हैं। इसी कड़ी में उद्योगों को प्रोत्साहन प्रदान करने के लिए सरकार ने दूसरे जनपदों से जोड़ने वाली छह सड़कों के निर्माण को मंजूरी प्रदान कर दी है। इन सड़कों के निर्माण में लगभग 257 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि उद्योगों को बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के लिए जिले में लगभग 86 किमी. की छह सड़कों का निर्माण लगभग 257 करोड़ रुपये की लागत से कराया जाएगा। सड़क निर्माण के संबंध में जल्द ही सर्वे व टेंडर प्रक्रिया संपन्न कराने के साथ ही सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। बताया कि इन सड़कों के बन जाने से चार राज्यों की सीमा से घिरे सोनभद्र की दूसरे जनपदों से कनेक्टिविटी बेहतर हो जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि बेहतर कनेक्टिविटी से उद्योगों के लिए कच्चे माल और तैयार उत्पादों की ढुलाई का समय और लागत (लॉजिस्टिक्स कॉस्ट) कम हो जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित सड़कों के निर्माण का लाभ उद्योगों के साथ-साथ आम-जनमानस को भी मिलेगा। अभी आवागमन में काफी समय लगता है लेकिन सड़क निर्माण के बाद मिनटों में यह सफर तय किया जा सकेगा साथ ही मार्ग में होने वली दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।
इन सड़कों का कराया जाएगा निर्माण जिलाधिकारी ने बताया कि छह सड़कों में सलैयाडीह से खरौंदी तक दो लेन सड़क का निर्माण कराया जाएगा, 15.84 किमी की इस सड़क के निर्माण की अनुमानित लागत 61.65 करोड़ रुपये है। इसी तरह बखिरवा से स्वागत गेट बीजपुर तक 20.17 किमी. दो लेन सड़क के निर्माण में 49 करोड़ रुपये खर्च आने का अनुमान है। बताया कि ऑडी मोड़ अनपरा से शक्ति नगर तक 18.42 किमी की चार लेन सड़क के निर्माण में 55.72 करोड़ रुपये खर्च होंगे। ऑडी मोड़ अनपरा से मध्य प्रदेश के मिर्चाधूरी रेलवे स्टेशन तक 12.15 किमी. डेढ़ लेन सड़क का निर्माण कराया जाएगा, जिस पर 24.70 करोड़ रुपये व्यय होने का अनुमान है। जिलाधिकारी ने बताया कि नधिरा से बखिरवा तक 10 किमी. सड़क के निर्माण में 1.60 करोड़ रुपये व डिब्लूगंज से जोगेनदरा तक 10 किमी. सड़क निर्माण कराया जाएगा जिस पर लगभग 64.50 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।










