नोएडा: पुलिस के साथ मुठभेड़ में एक बदमाश गिरफ्तार, आरोपी के खिलाफ चोरी और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले हैं दर्ज

नोएडा, 19 मार्च (आईएएनएस)। नोएडा के थाना सेक्टर-142 पुलिस और एक बदमाश के बीच मंगलवार देर रात मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। आरोपी की पहचान पवन कुमार (28) के रूप में हुई है।

पवन कुमार नोएडा में सेक्टर 165 के गांव छपरौली का निवासी है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और दो चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। घायल आरोपी को पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी घरों और दुकानों में चोरी करने के साथ-साथ मादक पदार्थों की तस्करी में भी संलिप्त था। 15 मार्च को आरोपी ने रात में मेट्रो सेक्टर 143 के सामने स्थित एक स्क्रैप की दुकान में घुसकर दो मोबाइल फोन चोरी किए थे। इस मामले में थाना सेक्टर 142 में पहले से ही मामला दर्ज है।

पुलिस ने जानकारी दी कि मंगलवार देर रात थाना सेक्टर 142 पुलिस जैन पार्क के पास चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति बाइक पर आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह रुका नहीं और भागने लगा। इस दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लिया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।

दोसांझ हैदराबाद कॉन्सर्ट में नहीं गा पाएंगे कुछ हिट गाने, तेलंगाना पुलिस ने थमाया नोटिस

पुलिस जांच में पता चला कि पवन कुमार एक शातिर अपराधी है। वह पहले भी कई मामलों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ गौतमबुद्धनगर जिले के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, मादक पदार्थ तस्करी और आर्म्स एक्ट जैसे संगीन अपराधों के 10 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। थाना सेक्टर 142 पुलिस अब आरोपी के अन्य अपराधों की जांच कर रही है। पुलिस को शक है कि यह किसी बड़े अपराधी गिरोह का हिस्सा हो सकता है। पुलिस जल्द ही आरोपी से पूछताछ कर अन्य अपराधों और उसके साथियों के बारे में भी जानकारी जुटाएगी।

–आईएएनएस

पीकेटी/एफजेड

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *