राज्य स्तरीय मिशन प्रबंधकों का सात दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न, प्रमाण पत्र किये गये वितरित

मीडिया हाउस लखनऊ – उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के कुशल मार्ग निर्देशन में, दीनदयाल उपाध्याय राज्य ग्राम्य विकास संस्थान, बख्शी का तालाब में सरकारी, अर्धसरकारी विभागों, संस्थाओं के अधिकारियों व कर्मचारियों तथा रचनात्मक कार्यों से जुड़े लोगों को प्रशिक्षण देकर उन्हें अत्यधिक दक्ष और सक्षम बनाने का कार्य निरंतर किया जा रहा है। इसी कड़ी में दीनदयाल उपाध्याय राज्य ग्राम्य विकास संस्थान, बख्शी का तालाब, लखनऊ मे उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के नवचयनित राज्य मिशन प्रबंधकों/मिशन प्रबंधकों के लिए दीनदयाल उपाध्याय राज्य ग्राम्य विकास संस्थान, बख्शी का तालाब, लखनऊ में 7 दिवसीय आवासीय उन्मुखीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के निर्देश पर मिशन निदेशक राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन दीपा रंजन द्वारा कराया गया । यह प्रशिक्षण 8 से 14 जून तक आयोजित किया गया।
रविवार को समापन सत्र की अध्यक्षता करते हुए अपर मिशन निदेशक राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन जयनाथ यादव ने सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए और उनके कार्य दायित्वों से अवगत कराया।
उन्होंने सभी को अनुशासन का पालन करने की सीख दी ताकि सभी नव चयनित प्रोफेशनल्स को अपनी अपनी थीम के लक्ष्य पूरे करने में समस्या नहीं आए।उनके द्वारा ये भी पृच्छा की गई कि सभी के द्वारा अपनी थीम की सामान्य जानकारी इस प्रशिक्षण में प्राप्त कर ली गई है अथवा नहीं।जिस पर सभी प्रोफेशनल्स द्वारा हाँ में अपनी स्वीकारोक्ति दी गई।
इस अवसर पर संयुक्त मिशन निदेशक प्रवीणानंद ने कहा कि आज का मिशन से ग्रामीण परिवार की दीदियों में आत्मविश्वास बढ़ा है। आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर हो रही है। प्रशिक्षण के दौरान मिशन की कार्यप्रणाली, उद्देश्य, रणनीति, वित्तीय प्रबंधन एवं स्वयं सहायता समूहों के सशक्तीकरण पर विशेषज्ञों द्वारा जानकारी दी गई। प्रबंधकों को फील्ड-आधारित योजना निर्माण और परिणाम केंद्रित क्रियान्वयन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।










