अखिलेश यादव माफिया गैंग के सरदार, लेकिन यूपी में कानून का राज : केशव प्रसाद मौर्या

अयोध्या, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। अयोध्या के मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर भाजपा एक्शन मोड में है। इसी कड़ी में शुक्रवार को मिल्कीपुर पहुंचे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने सपा पर जमकर हमला बोला।

इस विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि, सपा प्रमुख अखिलेश यादव नकल माफिया, भू माफिया या अनेक प्रकार के जितने भी माफिया है, उन सब के सरदार हैं। मैं उनको बताना चाहता हूं कि प्रदेश के 75 जिलों में कोई भी अपराध की घटना होगी, तो आप अपराधी को नहीं बचा पाओगे। योगी सरकार उसके खिलाफ कानून के हिसाब से कार्रवाई करेगी।

उन्होंने कहा कि अगर सपा की सरकार होती, तो अयोध्या की बेटी को न्याय नहीं मिल पाता। मैं यहां की जनता से अपील करूंगा कि ऐसे लोगों को सबक सिखाने का समय आ गया है। लोकसभा चुनाव में अयोध्या की हार की टीस मुझे भी है। मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव में टिकट चाहे जिसे मिले, लेकिन जीत भाजपा की होगी। सपा इन दिनों मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रही है। जब आंख खुलेगी, तो हकीकत कुछ ओर दिखेगा। सपा इस प्रदेश के लिए खतरा बन चुकी है। ऐसे में मैं जनता से इसे समाप्तवादी पार्टी बनाने की अपील करता हूं।

अपनी सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए उन्होंने कहा कि, हमारी सरकार ने सभी घरों को बिजली, गैस देने का काम किया है। महिला सशक्तिकरण और गरीबों के उत्थान की दिशा में हमारी सरकार लगातार काम कर रही है। वहीं किसान हमारी सरकार की प्राथमिकताओं में है।

बिहार : नीरज कुमार बबलू ने सीएम योगी के बयान का किया समर्थन, तेजस्वी यादव पर भी साधा निशाना

आपको बता दें कि गाजियाबाद, खैर, मीरापुर, कुंदरकी, करहल, कटेहरी, मिल्कीपुर, सीसामऊ, मझवां और फूलपुर सीट पर उपचुनाव होने हैं। इनमें से नौ सीटें विधायकों के सांसद बनने से खाली हुई हैं। एक सीट सपा विधायक इरफान सोलंकी को सजा मिलने के कारण रिक्त हुई है।

–आईएएनएस

एकेएस/सीबीटी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *