गोमिया बैंक मोड़ से लेकर रेलवे स्टेशन तक जर्जर सड़क का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा

मीडिया हाउस न्युज गोमिया : गोमिया बैंक मोड़ से लेकर गोमिया रेलवे स्टेशन जाने वाली सड़क अत्यंत जर्जर अवस्था में है। इस सड़क की लंबाई लगभग 400 मीटर है। 19 वर्षों से इसमें जीर्णोद्धार व निर्माण कार्य नहीं किया गया है। वर्ष 2006 में इसका निर्माण कार्य सांसद मद से किया गया था। फिलहाल यह सड़क राहगीरों के लिए मुसीबत बन गया है। सड़क काफी पुरानी होने के कारण इसमें जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं और पत्थरों के दांत निकल गए हैं। बारिश के मौसम में सड़क के गड्ढों में पानी भर जाने के कारण पैदल व वाहनों से आवागमन करने वाले लोगो को अत्यंत कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। बाइक सवार कई लोग असंतुलित होकर सड़क में गिरकर चोटिल हो चुके हैं। गोमिया रेलवे स्टेशन के अलावा लट्टकुट्टा, करमटिया, पिपराडीह को जोडने वाली यह मुख्य सड़क है। इसमें प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोगों का आवागमन होता है। इतनी विकट परिस्थिति के बावजूद इस सड़क का निर्माण कार्य एक लंबे समय से नहीं हुआ है। किंतु अब इस सड़क का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा। लट्टकुट्टा गांव के ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर मंत्री योगेंद्र प्रसाद के समक्ष गुहार लगाया है। मंत्री जी ने ग्रामीणों को जल्द ही इस सड़क के निर्माण कराने का सकारात्मक आश्वासन दिया है। इसे लेकर क्षेत्र के कई ग्रामीणो ने मंत्री जी को आभार प्रकट किया है। मौके पर झामुमो नेता मंजूर इलाही, समाजसेवी अब्दुल सत्तार, मोहम्मद इलियास अंसारी, मोहम्मद असरार अंसारी, झामुमो के पलिहारी गुरुडीह पंचायत अध्यक्ष नसीम अंसारी मौजूद थे।










