नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति-योगेंद्र उपाध्याय

मीडिया हाउस न्यूज एजेंसी लखनऊ-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत–संकल्प अभियान” के राष्ट्रीय शुभारंभ के अवसर पर रविवार को उत्तर प्रदेश के सभी राज्य एवं निजी विश्वविद्यालयों तथा महाविद्यालयों में उनके प्रेरक संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया। इस अवसर पर उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशन में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं माय भारत के सहयोग से प्रदेशभर में व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें हजारों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नशामुक्त एवं विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री के संदेश को आत्मसात करते हुए नशामुक्त भारत की शपथ ली। साथ ही स्वयं नशे से दूर रहने तथा परिवार, समाज और अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। प्रदेशभर के विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में पोस्टर प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, जागरूकता रैली, संवाद कार्यक्रम, शपथ ग्रहण एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया।
“हम सबका एक ही नारा–नशा मुक्त हो देश हमारा”, “युवा होंगे नशा मुक्त, भारत बनेगा विकसित” तथा “नशा छोड़ो, परिवार से नाता जोड़ो” जैसे नारों के माध्यम से विद्यार्थियों ने समाज को जागरूक करने का संदेश दिया। पूरे प्रदेश के शिक्षण संस्थानों में अभियान को लेकर उत्साह, जनभागीदारी और सकारात्मक वातावरण देखने को मिला।
उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उत्तर प्रदेश का प्रत्येक विश्वविद्यालय और महाविद्यालय राष्ट्र निर्माण का सशक्त केंद्र बनेगा। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), My Bharat वॉलंटियर्स, शिक्षक और विद्यार्थी इस अभियान के अग्रदूत बनकर गांव-गांव और शहर-शहर तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाएंगे।
उन्होंने बताया कि यह केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि अगले 100 सप्ताह तक चलने वाला जन-आंदोलन है। प्रत्येक रविवार विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, एनएसएस, My Bharat वॉलंटियर्स, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों तथा नागरिक समाज की सहभागिता से व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके माध्यम से नशे से प्रभावित युवाओं को परामर्श, उपचार, पुनर्वास और मुख्यधारा से जोड़ने का निरंतर प्रयास किया जाएगा।
उच्च शिक्षा मंत्री ने प्रदेश के सभी कुलपतियों, प्राचार्यों एवं शिक्षकों से अधिक से अधिक युवाओं का माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित कराने का आह्वान करते हुए कहा कि जब समाज, शिक्षण संस्थान और युवा शक्ति एक साथ संकल्प लेते हैं तो परिवर्तन निश्चित होता है। उन्होंने सभी से अगले 100 सप्ताह तक इस अभियान को जन-जन का आंदोलन बनाने और नशामुक्त, स्वस्थ, सशक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।










