योगी सरकार के कौशल विकास विजन को मजबूती, आईटीआई चारबाग में प्रतियोगिताओं की प्रभावी शुरुआत

AKGupta.मीडिया हाउस न्यूज एजेन्सी लखनऊ-प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित कौशल विकास अभियानों के क्रम में राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिता–2026 के द्वितीय चरण के अंतर्गत मुख्य प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, चारबाग, लखनऊ में आयोजित प्रतियोगिताओं में प्रदेश के 18 मंडलों का प्रतिनिधित्व कर रहे 386 प्रतिभागियों ने विभिन्न आधुनिक एवं रोजगारपरक कौशलों में अपने हुनर का प्रदर्शन किया।
उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में युवाओं में उत्साह, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने निर्धारित मानकों के अनुरूप तकनीकी दक्षता, व्यावहारिक समझ और नवाचार का परिचय दिया।
मिशन निदेशक पुलकित खरे ने प्रतियोगिता स्थल का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया तथा प्रतिभागियों से संवाद कर उनके अनुभव साझा किए। उन्होंने प्रतिभागियों के ठहरने, भोजन एवं आवागमन की व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए, ताकि प्रतियोगिता के दौरान युवाओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संस्थान में स्थापित सैमसंग स्किल लैब का भी अवलोकन किया और प्रशिक्षण की गुणवत्ता, तकनीकी संसाधनों तथा रोजगार संभावनाओं पर प्रशिक्षकों एवं प्रशिक्षणार्थियों से चर्चा की।
मिशन निदेशक ने कहा कि राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिता युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त मंच प्रदान कर रही है। इस प्रतियोगिता के माध्यम से प्रदेश के युवा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के लिए तैयार हो रहे हैं। यह पहल उत्तर प्रदेश को कौशल विकास के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उल्लेखनीय है कि राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिता तीन चरणों में आयोजित की जा रही है। प्रथम चरण 12 से 13 जनवरी 2026 तक आयोजित हुआ, जबकि द्वितीय चरण 19 से 20 जनवरी 2026 तक संपन्न हो रहा है। तृतीय चरण 22 से 23 जनवरी 2026 तक आयोजित किया जाएगा। प्रत्येक कौशल से चयनित श्रेष्ठ प्रतिभागियों को 24 जनवरी 2026 को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। चयनित प्रतिभागी इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता के अगले स्तर में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।










