झारखंड सरकार में मंत्री के रूप में डॉ. इरफान अंसारी का ऐतिहासिक स्वागत

जामताड़ा विधायक ने कहा: ‘मैं नहीं, जनता मंत्री बनी है!’
मीडिया हाउस न्यूज एजेंन्सी बोकारो/जामताड़ा : झारखंड सरकार में मंत्री पद की शपथ लेने के बाद डॉ. इरफान अंसारी का जामताड़ा क्षेत्र में जोरदार स्वागत हुआ। रांची से लौटते वक्त बोकारो, गोविंदपुर, करमदाहा मोड़, जुम्मन मोड़, मुरलीपहाड़ी, डाभाकेंद्र, नारायणपुर, पबिया, धरमपुर, जामताड़ा, मिहिजाम सहित कई स्थानों पर जनता और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका भव्य अभिनंदन किया। जगह-जगह लगाए गए ‘जिंदाबाद’ के नारों ने माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। इस अवसर पर मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “मैं मंत्री नहीं, मेरी जनता मंत्री बनी है। जामताड़ा की जनता ने अपार समर्थन और एकतरफा वोट देकर मुझे विधायक बनाया, और आज मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह सम्मान केवल मेरा नहीं, पूरे जामताड़ा की जनता का है।” डॉ. इरफ़ान अंसारी ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें स्वास्थ्य विभाग का दायित्व सौंपा गया है, जिसे वे पूरी निष्ठा से निभाएंगे। उन्होंने वादा किया कि झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं में बड़े बदलाव लाए जाएंगे। उन्होंने कहा, “एक डॉक्टर के रूप में मैंने हमेशा लोगों की सेवा की है, और अब मंत्री के रूप में भी यह सिलसिला जारी रहेगा। मेरा लक्ष्य है कि झारखंड के हर नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें।” इस स्वागत यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आम लोग उपस्थित रहे। लोगों ने मंत्री जी के नेतृत्व पर भरोसा जताया और उनके साथ सहयोग का आश्वासन दिया। डॉ. अंसारी ने कार्यकर्ताओं और जनता को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह जीत पूरे जामताड़ा की है। यह स्वागत न केवल डॉ. इरफान अंसारी के लिए बल्कि जामताड़ा क्षेत्र के लिए भी गौरवपूर्ण क्षण रहा। जनता ने आशा व्यक्त की है कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र और राज्य के स्वास्थ्य सेवाओं में ऐतिहासिक सुधार देखने को मिलेगा।










