सोनभद्र में विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना हेतु आवेदन की अंतिम तिथि अब 7 अगस्त

मीडिया हाउस न्यूज एजेन्सी सोनभद्र-उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत जनपद सोनभद्र के परंपरागत कारीगरों एवं शिल्पकारों के लिए आवेदन की तिथि बढ़ा दी गई है। अब इच्छुक अभ्यर्थी 07 अगस्त, 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उपायुक्त उद्योग ने बताया कि योजना के तहत ट्रेडवार बढ़ई, नाई, दर्जी, लोहार, टोकरी बुनकर, राजमिस्त्री, हलवाई, कुम्हार, मोची एवं धोबी सहित विभिन्न पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े कारीगरों को 10 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण तथा आधुनिक टूलकिट उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी diupmsme.upsdc.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए पासपोर्ट आकार का फोटो, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, आयु एवं आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र (जहां लागू हो), निवास प्रमाण पत्र तथा अन्य आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने होंगे। आवेदक की न्यूनतम आयु 18 वर्ष तथा जनपद का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है। योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी कार्यालय जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र, सोनभद्र में किसी भी कार्यदिवस पर संपर्क कर सकते हैं।










