उच्च जोखिम वाले गांवों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को किया जा रहा जागरूक

मीडिया हाउस न्यूज एजेन्सी सोनभद्र-जनपद सोनभद्र में संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य एवं अन्य संबंधित विभागों द्वारा व्यापक स्तर पर कार्यवाही की जा रही है। अभियान के तहत गांवों में साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई, हैंडपंपों का क्लोरीनीकरण, नालियों की सफाई, फॉगिंग तथा संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए लगातार गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देशन में उच्च जोखिम वाले गांवों में माइक्रोप्लान के अनुसार विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान में सफाईकर्मी, पंचायत सहायक, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री एवं ग्राम प्रधानों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही ग्रामीणों को संक्रामक रोगों से बचाव, स्वच्छता अपनाने तथा लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत विद्यालयों में जागरूकता रैलियां, ग्राम सभाओं का आयोजन, ग्राम स्तर पर प्रचार-प्रसार, झाड़ियों की कटाई, नालियों की सफाई, शौचालय निर्माण, फॉगिंग तथा मच्छरजनित रोगों की रोकथाम के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। वहीं दस्तक अभियान के तहत बुखार, आईएलआई, टीबी, डायरिया एवं अन्य संक्रामक रोगों के संभावित मरीजों की पहचान कर आवश्यक जांच एवं उपचार की कार्यवाही भी जारी है।









