कैबिनेट से पेसा नियमावली की स्वीकृति मिलने के बाद मंत्री योगेंद्र प्रसाद का भव्य स्वागत किया गया

मीडिया हाउस न्यूज एजेंसी बोकारो : कैबिनेट से पेसा नियमावली को स्वीकृति मिलने के उपलक्ष्य में बुधवार को राज्य के पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग मंत्री योगेंद्र प्रसाद को झामुमो के पदाधिकारीयों व कार्यकर्ताओं ने पेटरवार स्थित उनके आवासीय कार्यालय में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर पार्टी के पदाधिकारीयों व कार्यकर्ताओं ने गाजे-बाजे के साथ मंत्री जी का उत्साहपूर्वक स्वागत किया तथा इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए उनके एवं राज्य सरकार के प्रति आभार एवं धन्यवाद प्रकट किया। मौके पर मंत्री जी ने उपस्थित लोगों को मिठाई खिलाकर इस ऐतिहासिक फैसले की खुशी साझा की। उन्होंने कहा कि पेसा नियमावली को कैबिनेट द्वारा स्वीकृति मिलना राज्य सरकार की आदिवासी समाज के प्रति प्रतिबद्धता का सशक्त प्रमाण है। यह निर्णय चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादे को पूरा करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। पेसा कानून आदिवासी समाज के सर्वांगीण विकास, ग्राम स्वशासन को सशक्त करने तथा उनके अधिकारों को मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होगा। इससे आदिवासी बहुल क्षेत्रों में विकास की नई दिशा मिलेगी और स्थानीय स्तर पर निर्णय प्रक्रिया और अधिक मजबूत होगी। इस अवसर पर बोकारो जिला समिति एवं पेटरवार, गोमिया तथा कसमार प्रखंड समिति के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इसके पश्चात जोड़ा महुआ, पुटकाडीह में भी ग्रामीणों ने पुष्पगुच्छ भेंटकर मंत्री जी का भव्य स्वागत किया तथा पेसा नियमावली को कैबिनेट से मिली स्वीकृति पर आभार एवं धन्यवाद प्रकट किया।
Join WhatsApp Group यहाँ क्लिक करे










