खनन न्यूज-भंडारण लाइसेंस के लिए चरित्र प्रमाण पत्र की अनिवार्यता के कारण 50 से अधिक प्लांट बंद होने का खतरा

मीडिया हाउस न्यूज एजेन्सी महोबा-जिले के स्टोन क्रशर के भंडारण लाइसेंस में चरित्र प्रमाण पत्र की अनिवार्यता से 50 से अधिक प्लांटों के बंद होने का संकट मंडरा रहा है। खनन एवं क्रशर यूनियन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी गजल भारद्वाज को ज्ञापन सौंपकर समस्या के निराकरण की मांग की है। उन्होंने शासन से पत्राचार कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है।
यूनियन के महामंत्री देवेंद्र मिश्र सहित अन्य कारोबारियों ने बताया कि जिले में संचालित 250 स्टोन क्रशर इकाइयों के भंडारण लाइसेंस की अवधि जल्द समाप्त हो जाएगी। नवीन भंडारण लाइसेंस आवेदन के लिए क्रशर स्वामी का चरित्र प्रमाण पत्र जरूरी है। लेकिन किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट, विद्युत चोरी सहित अन्य कारणों से द्वेषवश भी थाने में लिखाए गए छोटे मुकदमे के बाद जिला प्रशासन द्वारा चरित्र प्रमाण पत्र निर्गत नहीं किया जाता है। जबकि क्रशर स्वामी द्वारा करोड़ो रुपयों का पूंजी निवेश कर स्थाई उद्योग स्थापित कर सैकड़ों लोगों को रोजगार और शासन को राजस्व दिया जाता है।
भंडारण लाइसेंस में चरित्र प्रमाण पत्र की अनिवार्यता से जिले में 50 से अधिक क्रशर प्लांट बंद हो सकते है, जिससे सैकड़ों मजदूरों का रोजगार चला जाएगा। साथ ही राजस्व पर भी असर पड़ेगा। जिलाधिकारी द्वारा इसे गंभीरता से लेते हुए भू-तत्व एवं खनिकर्म सचिव को पत्र भेजकर समस्या के समाधान का भरोसा दिया है। इसके पूर्व 16 अप्रैल को यूनियन प्रतिनिधि मंडल द्वारा खनिज सचिव को लखनऊ लोकभवन में भी इस आशय का पत्र दिया गया था।
महोबा जिले में स्टोन क्रशर इकाइयों को भंडारण लाइसेंस के लिए चरित्र प्रमाण पत्र की अनिवार्यता के कारण 50 से अधिक प्लांट बंद होने का खतरा है। खनन एवं क्रशर यूनियन ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर इस समस्या के समाधान की मांग की है, जिस पर डीएम ने शासन से पत्राचार का आश्वासन दिया है।संवाद सूत्र










