नोएडा का फिटजी सेंटर बंद होने से अभिभावक परेशान, शिक्षा अधिकारी बनाएंगे नए कानून

नोएडा, 23 जनवरी (आईएएनएस)। गाजियाबाद और मेरठ के बाद नोएडा के सेक्टर-62 स्थित फिटजी इंस्टीट्यूट भी बंद हो गया है। हालांकि, इंस्टीट्यूट पर ताला नहीं लगा है। उसका ऑफिस खुला है। लेकिन, क्लास नहीं हो रही है। दूसरी तरफ परिजन सेंटर में पहुंचे थे। जब सभी अंदर जाने लगे तो गार्ड ने रोक लिया। इसके बाद भी जब परिजन अंदर गए तो कोई स्टॉफ नहीं मिला।

इस दौरान जब परिजनों की नाराजगी बढ़ी तो पुलिस पहुंची और मामले को शांत कराया।

इस मामले में गौतम बुद्ध नगर के शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि ऐसे मामलों को देखते हुए जल्द ही नए और कड़े कानून बनाए जाएंगे। जिसके चलते ऐसे फ्रॉड को रोका जाए।

गौतमबुद्ध नगर के डीआईओएस धर्मवीर ने आईएएनएस से बात करते हुए बताया कि कुछ दिनों पहले इस कोचिंग का बेसमेंट सील किया गया था, जो अभी तक सील है। इसमें पढ़ने वाले तमाम बच्चों की फीस एडवांस में जमा थी और अब उनके साथ जो फ्रॉड हुआ है, पुलिस उसकी जांच कर रही है।

इस कोचिंग में पढ़ने वाले छात्रों के परिजनों ने बताया कि 95 प्रतिशत छात्रों की एडवांस फीस जमा है। जबकि, अभी सिर्फ कोर्स 40 प्रतिशत ही पूरा हुआ है। हमारी फीस वापस की जाए या फिर 60 प्रतिशत कोर्स पूरा कराया जाए।

उन्होंने बताया कि रात को इंस्टीट्यूट की ओर से बनाए गए वाट्सएप ग्रुप पर मैसेज आया कि सारे शिक्षक दूसरे संस्थान में चले गए हैं। इसी कारण कक्षाएं संचालित नहीं हो पाएंगी।

अलीगढ़ हादसे पर तीन सदस्यीय जांच समिति गठित

उन्होंने बताया कि यहां पर करीब 2,000 बच्चे पढ़ते हैं। इसकी फीस अन्य संस्थानों से बहुत ज्यादा है। लोगों ने लोन लेकर फीस भरी है। कोर्स पूरा कराएं या फिर फीस वापस करें। उसके बाद हम लोग निर्धारित करेंगे कि बच्चे को कौन से संस्थान में पढ़ाना है। देश के कई राज्यों में फिटजी के इंस्टीट्यूट बंद हो रहे थे। हम लोगों ने आकर बात की थी, उस दौरान आश्वासन दिया गया था कि नोएडा कैंपस में ऐसा नहीं होगा।

दूसरी तरफ यह मुद्दा लगातार गरमाता जा रहा है और परिजन कानूनी कार्रवाई करने की भी बात कर रहे हैं। पुलिस अधिकारी पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

–आईएएनएस

पीकेटी/एबीएम

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *