मेडिकल के नाम पर छँटनी अब बर्दाश्त नहीं : राजेंद्र सिंह

एचएमएस महामंत्री ने 28 सितम्बर तक का दिया अल्टीमेटम,कहा विरोध प्रदर्शन कर हड़ताल नोटिस देने को होगें बाध्य
मीडिया हाउस न्यूज एजेंन्सी बोकारो : सेल/ बोकारो प्रबंधन के मजदूर विरोधी नीति तथा मेडिकल के नाम ठेका मजदूरों के छँटनी के खिलाफ क्रान्तिकारी इस्पात मजदूर संघ (एच.एम.एस) के क्रमबद्ध चेतावनी प्रदर्शन की पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत कोक-ओवन एवं कोक केमिकल्स के ठेका मजदूरों ने जोरदार प्रदर्शन किया। 
चेतावनी प्रदर्शन बैट्री नंबर 08 से रैली के रूप में शुरू होकर मुख्य महाप्रबंधक कार्यालय पर सभा के रूप में तब्दील हो गई। चेतावनी प्रदर्शन को संबोधित करते हुए संघ के महामन्त्री सह-सदस्य एनजेसीएस राजेंद्र सिंह ने कहा कि प्रबंधन समय-समय पर मजदूरों के शोषण के लिए नई नई तकनीक ईजाद करती रहती है।हमें समझ नहीं आता है कि इनको मजदूरों से इतनी नफरत क्यों है?अब ये नया काला कानून लेकर आये है मेडिकल चेकअप का।हम पूछना चाहते हैं कि एक हीं संयंत्र में मेडिकल चेकअप के नाम पर भेदभाव क्यों?एक तरफ गंभीर से गंभीर बीमारी से जूझ रहे अधिकारी को प्लांट में आने और बैठ कर तनख्वाह लेने की छूट तो दूसरी तरफ मामूली मामूली सी बात का बहाना बनाकर ठेका मजदूरों को काम से निकाला जा रहा है। प्रबंधन की इस दोगली नीति का हम पुरजोर विरोध करते हैं।हमें कभी भी मेडिकल चेकअप से विरोध नहीं है आप बेशक चेकअप कीजिए मगर चेकअप के नाम पर हमारा गेट पास रोका जाएगा तो हम प्लांट भी नहीं चलने देंगे। अंत में श्री सिंह ने प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा कि हम मेडिकल चेकअप की खामियों को दूर करने के लिए 28 सितम्बर तक का आखिरी समय देते हैं,अगर फिर भी प्रबंधन अपनी नीतियों में सुधार नहीं करती है तो 28 सितम्बर को पूरे प्लांट के मजदूर अधिशासी निदेशक (संकार्य) कार्यालय पर प्रदर्शन कर हड़ताल नोटिस देने को बाध्य होंगे। प्रदर्शन को श्री सिंह के अलावे शशिभूषण, जुम्मन खान, चन्द्र प्रकाश,नागेंद्र कुमार, टुनटुन सिंह, अभय शर्मा,अमित यादव आदि ने संबोधित किया।










