53 केंद्रों पर कड़ी निगरानी में सहायक आचार्य के 17 विषयों की पुनर्परीक्षा सकुशल सम्पन्न

Media House लखनऊ-उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की आयोजित सहायक आचार्य (विज्ञापन संख्या-51) 17 विषयों (Asian Culture, Music Tabla, Physical Education, Urdu, English, Sociology, Chemistry, Education, Zoology Botany, Agricultural Economics, Hindi, Law, Animal Husbandry and Dairying, Music Vocal, Philosophy, Anthropology) की लिखित पुनर्परीक्षा दिनांक 18 अप्रैल 2026 को प्रथम पाली पूर्वान्ह 09:30 बजे से 11:30 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपरान्ह 02:30 बजे से 04:30 बजे तक 06 जनपदों (आगरा, मेरठ, लखनऊ, प्रयागराज, गोरखपुर, वाराणसी) के 53 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित की गयी।
इस परीक्षा को आयोग में स्थापित AI Integrated Control Command Room से आयोग के अध्यक्ष डॉ० प्रशान्त कुमार, सचिव, परीक्षा नियंत्रक एवं उपसचिव की उपस्थिति में सभी परीक्षा केन्द्रों की सघन निगरानी की गयी तथा परीक्षा केन्द्रों पर लगे AI कैमरों के माध्यम से परीक्षा दे रहे परीक्षार्थियों की गतिविधियों पर सतत् नजर रखी गयी।
प्रथम पाली में परीक्षा केन्द्र राजकीय बालिका इण्टर कालेज, विनयखण्ड-4 गोमती नगर लखनऊ में परीक्षा प्रारम्भ होने से पूर्व प्राचार्य कक्ष में ए०सी० के वायरिंग में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना प्राप्त होते ही तत्काल प्रभाव से प्रशासन द्वारा आग पर काबू पाया गया। जिला प्रशासन द्वारा नामित नोडल अधिकारी एवं आयोग के प्रेक्षक की उपस्थिति में तत्काल कालेज विंग में परिवर्तित करते हुए परीक्षा सकुशल सम्पन्न करायी गयी। प्रदेश के सभी परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा सुचारू रूप से नकलविहीन, शुचितापूर्ण, ससमय, सकुशल एवं निर्विघ्न सम्पन्न हुयी। उक्त परीक्षा में सम्बन्धित जिला प्रशासन के अधिकारियों का सक्रिय सहयोग प्राप्त हुआ। परीक्षा में कुल 19718 परीक्षार्थी उपस्थित रहे जिनमें महिला परीक्षार्थियों का प्रतिशत 41.35 तथा पुरूष परीक्षार्थियों का प्रतिशत 58.65 रहा।










