योगी सरकार का ग्रामीण क्षेत्रों में भी 24 घंटे विद्युत आपूर्ति करने के निर्देश

त्योहारों पर होगी निर्बाध बिजली आपूर्ति, दशहरा पर गांव से शहर तक जगमग रहेगा यूपी

योगी सरकार का ग्रामीण क्षेत्रों में भी 24 घंटे विद्युत आपूर्ति करने के निर्देश 

दीपावली और छठ समेत आगामी त्योहारों पर सुचारु बिजली आपूर्ति के लिए योगी सरकार ने तेज की तैयारियां

18 अक्टूबर को 22,540 मेगावाट बिजली की मांग के सापेक्ष हुई आपूर्ति, यूपीपीसीएल लगातार कर रहा निगरानी

पूर्वांचल, मध्यांचल, पश्चिमांचल, दक्षिणांचल और केस्को क्षेत्रों में मेंटेनेंस कार्य तेज

लखनऊ
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने दीपावली, छठ समेत आगामी त्योहारों पर प्रदेशवासियों को निर्बाध बिजली आपूर्ति देने की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में दशहरा (20 अक्टूबर) के अवसर पर गांव से लेकर शहर तक रोशनी से जगमग रहेंगे। जनपद, तहसील एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 24 घंटे विद्युत आपूर्ति देने के निर्देश दिए गए है। सरकार की मंशा है कि त्योहारों के दौरान प्रदेशभर में बिजली आपूर्ति सुचारु बनी रहे। उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) की टीमें पांचों डिस्कॉम क्षेत्रों में विद्युत व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटी हैं। बिजली लाइनों और बुनियादी ढांचे के रखरखाव के साथ ट्रिपिंग रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

गांव से शहर तक निर्बाध बिजली आपूर्ति की तैयारी

यूपीपीसीएल के प्रबंध निदेशक नीतीश कुमार ने बताया कि गांव से लेकर शहर, नगर निगम और नगर पालिका क्षेत्रों तक निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की तैयारी है। त्योहारों के दौरान सुरक्षित और सुचारु बिजली व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभागीय टीमें लगातार सक्रिय रहेंगी।
वहीं पूर्वांचल, मध्यांचल, पश्चिमांचल और दक्षिणांचल सहित सभी डिस्कॉम क्षेत्रों में विभागीय टीमें नियमित मेंटेनेंस कार्य कर रही हैं। विद्युत लाइनों के संपर्क में आ रही पेड़ों की शाखाओं की कटाई-छंटाई कराई जा रही है, ताकि त्योहार के दौरान बिजली आपूर्ति में बाधा और ट्रिपिंग की समस्या को कम किया जा सके।

भारत ने नेपाल में बाढ़ में फंसे नागरिकों के लिए जारी किए हेल्पलाइन नंबर

मांग के अनुरूप बिजली उपलब्ध कराने की तैयारी

प्रदेश में बिजली की मांग के अनुरूप आपूर्ति बनाए रखने के लिए यूपीपीसीएल लगातार निगरानी कर रहा है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, 18 अक्टूबर को प्रदेश में 22,540 मेगावाट बिजली की मांग के सापेक्ष आपूर्ति की गई। इससे पहले 17 अक्टूबर को 23,738 मेगावाट और 16 अक्टूबर को 23,372 मेगावाट बिजली की मांग पूरी की गई थी। विभागीय आंकड़ों के अनुसार, मांग के अनुरूप आपूर्ति के मामले में उत्तर प्रदेश तेलंगाना, तमिलनाडु, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों से काफी आगे रहा है। 

यूपी में गांव से लेकर शहरों तक निर्धारित रोस्टर से अधिक बिजली आपूर्ति की जा रही है। योगी सरकार की ओर से त्योहारों के दौरान बिजली व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके तहत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में आपूर्ति की निगरानी के साथ विद्युत लाइनों तथा अन्य उपकरणों के रखरखाव को प्राथमिकता दी जा रही है।

पांचों डिस्कॉम क्षेत्रों में मेंटेनेंस कार्य तेज

पूर्वांचल के विभिन्न जनपदों में बिजली विभाग की टीमें लगातार काम कर रही हैं। मध्यांचल में विद्युत बुनियादी ढांचे के रखरखाव पर जोर दिया जा रहा है, जबकि पश्चिमांचल और दक्षिणांचल में भी लाइनों और संबंधित उपकरणों की देखरेख का कार्य जारी है। विभागीय टीमें स्थानीय स्तर पर बिजली व्यवस्था की स्थिति पर नजर रख रही हैं, ताकि उपभोक्ताओं को त्योहार के दौरान परेशानी का सामना न करना पड़े। ट्रिपिंग की आशंका कम करने के लिए पेड़ों की शाखाओं की छंटाई के साथ जरूरी रखरखाव किया जा रहा है।

जामिया में ईरान, उज्बेकिस्तान के राजदूत, विश्वविद्यालय ने बताया - 'दारा शिकोह ने उपनिषदों का अनुवाद कराया'

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *